Ranchi: बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘अक्वान’ के संभावित असर को देखते हुए झारखंड सरकार ने सतर्कता बढ़ा दी है। राज्य के आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने अधिकारियों के साथ करीब दो घंटे तक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। इसमें भारी बारिश की आशंका, किसानों की खड़ी फसल और आम लोगों की सुरक्षा को लेकर तैयारियों की समीक्षा की गई।
बैठक में मंत्री ने सभी जिलों के उपायुक्त (DC), सिविल सर्जन, जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारियों और कृषि अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आपदा के बाद राहत पहुंचाने के बजाय पहले से तैयारी करना जरूरी है। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
75 प्रतिशत धान की फसल खेतों में, किसानों की बढ़ी चिंता
बैठक में किसानों की स्थिति पर विशेष चर्चा हुई। मंत्री के अनुसार, राज्य में अब तक करीब 25 प्रतिशत धान की कटाई हुई है, जबकि 75 प्रतिशत फसल अभी खेतों में खड़ी है। ऐसे में लगातार बारिश से किसानों को बड़ा नुकसान हो सकता है।
डॉ. अंसारी ने निर्देश दिया कि बारिश से फसल प्रभावित होने पर पंचायत और प्रखंड स्तर पर तत्काल सर्वे कराया जाए। कृषि विभाग और जिला प्रशासन मिलकर नुकसान का आकलन करें, ताकि प्रभावित किसानों को सरकारी प्रावधानों के तहत मुआवजा और राहत मिल सके।
110 किलोमीटर तक पहुंच सकती है हवा की रफ्तार
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, चक्रवाती तूफान के दौरान हवा की गति 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। झोंकों के साथ इसकी रफ्तार 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका जताई गई है।
इसका असर झारखंड के मौसम पर भी पड़ सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची ने 20 नवंबर को राज्य के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश और 21 नवंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी दी है।
अस्पतालों और राहत टीमों को भी तैयार रहने का निर्देश
मंत्री ने अधिकारियों को जलभराव, पेड़ गिरने, बिजली आपूर्ति बाधित होने और ग्रामीण सड़कों को नुकसान पहुंचने जैसी परिस्थितियों से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा। संवेदनशील इलाकों में राहत और बचाव दलों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया।
सभी जिलों के सिविल सर्जनों को अस्पतालों में दवाइयां, डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ और एंबुलेंस की व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा गया है। बारिश के बाद जलजनित बीमारियों का खतरा बढ़ने की आशंका को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग को भी सतर्क किया गया है।
DC की तय होगी जिम्मेदारी
डॉ. इरफान अंसारी ने उपायुक्तों को अपने-अपने जिलों की स्थिति पर लगातार नजर रखने और मौसम विभाग के अलर्ट के अनुसार जरूरी कदम उठाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा और किसानों की फसल बचाना सरकार की प्राथमिकता है।
मंत्री ने राज्य के लोगों से मौसम विभाग और जिला प्रशासन की सलाह मानने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा को रोका नहीं जा सकता, लेकिन समय रहते तैयारी करके नुकसान को कम किया जा सकता है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








