Jharkhand Weather Update: झारखंड में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहे चक्रवाती तूफान अकवान का असर राज्य में दिखने लगा है। रांची समेत कई जिलों में आसमान में बादल छाए हैं, जबकि जमशेदपुर और चाईबासा के कुछ इलाकों में बारिश भी हुई है। मौसम विभाग ने 20 और 21 नवंबर को राज्य के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
Jharkhand Weather Update: रांची, लातेहार समेत कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार, 20 नवंबर को रांची, लातेहार, गुमला, खूंटी, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम में भारी बारिश हो सकती है। वहीं, 21 नवंबर को गिरिडीह, धनबाद, देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ में बारिश की संभावना है।
इस दौरान गरज-चमक के साथ वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। मौसम में बदलाव के कारण दिन के अधिकतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने का अनुमान है। ऐसे में दिन में भी ठंड का एहसास होगा।
Jharkhand Weather Update: 23 नवंबर से चक्रवाती सिस्टम का प्रभाव कमजोर होने की आशंका
रांची में पिछले 24 घंटे के दौरान अधिकतम तापमान 2.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस गिरा है।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक अभिषेक आनंद के मुताबिक, 22 और 23 नवंबर से चक्रवाती सिस्टम का प्रभाव कमजोर होने लगेगा। 24 नवंबर से आसमान साफ होने की संभावना है। हालांकि, इसके बाद रात के तापमान में गिरावट से ठंड बढ़ सकती है।
मौसम विभाग ने लोगों को वज्रपात के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े नहीं होने की सलाह दी है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.







