रांची: झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा 2026 के मुख्य कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। कार्यक्रम को भव्य और व्यवस्थित बनाने के लिए गुरुवार को सूचना प्रौद्योगिकी एवं ई-गवर्नेंस विभाग की सचिव और आयोजन-सह-समन्वय समिति की अध्यक्ष पूजा सिंघल ने खेलगांव स्थित बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के वरीय अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पूजा सिंघल ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्थापना दिवस के मुख्य कार्यक्रम में सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जाएं। उन्होंने कहा कि आयोजन को भव्य, व्यवस्थित और यादगार बनाने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें।
17 से 27 नवंबर तक मनाया जा रहा स्थापना दिवस पखवाड़ा
झारखंड स्थापना दिवस 2026 के अवसर पर राज्यभर में 17 नवंबर से 27 नवंबर तक स्थापना दिवस पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इस दौरान सभी जिलों में झारखंड की विशेषताओं और संभावनाओं को प्रदर्शित करने के लिए थीम आधारित प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी।
इन प्रदर्शनियों के लिए तीन प्रमुख थीम निर्धारित की गई हैं। इनमें ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट’ यानी एक जिला, एक उत्पाद; ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन डेस्टिनेशन’ यानी एक जिला, एक पर्यटन स्थल और ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन इकोनॉमिक एक्टिविटी’ यानी एक जिला, एक आर्थिक गतिविधि शामिल हैं।
हर जिले की खास पहचान को मिलेगा मंच
प्रशासन की ओर से सभी जिलों के उपायुक्तों को इन थीमों पर आकर्षक और सूचनात्मक प्रदर्शनियां आयोजित करने का निर्देश दिया गया है। इन प्रदर्शनियों के माध्यम से झारखंड की सांस्कृतिक विरासत, पर्यटन स्थलों, स्थानीय उत्पादों और आर्थिक गतिविधियों को सामने लाया जाएगा।
इस पहल का उद्देश्य ‘एक जिला-एक पहचान’ की अवधारणा को मजबूत करना और राज्य के विभिन्न जिलों की विशिष्टताओं को व्यापक पहचान दिलाना है।
कई विभागों के वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
स्टेडियम निरीक्षण के दौरान उद्योग सचिव अरवा राजकमल, ग्रामीण विकास विभाग के सचिव मनोज कुमार, निदेशक संस्कृति आशीष एकराम, निदेशक खादी बोर्ड आलोक कुमार, निदेशक खनिज राहुल कुमार सिन्हा, निदेशक उद्योग विशाल सागर, राज्य परियोजना निदेशक जेईपीसी शशि रंजन, पर्यटन सचिव मुकेश कुमार और पर्यटन निदेशक नमन प्रियेश लकड़ा समेत विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
इसके अलावा झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अनन्य मित्तल, झारक्राफ्ट की प्रबंध निदेशक गरिमा सिंह, सचिव हिमांशु लाल, रांची के सदर अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत और जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी भी निरीक्षण में शामिल हुए।
पूजा सिंघल ने सभी अधिकारियों से सामूहिक प्रयास और बेहतर समन्वय के साथ स्थापना दिवस पखवाड़े को सफल बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह आयोजन झारखंड की प्रगति, संस्कृति और आर्थिक संभावनाओं को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण अवसर है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis







