Ranchi: झारखंड विधानसभा के 26वें स्थापना दिवस समारोह में मझगांव के विधायक निरल पूर्ति को वर्ष 2026 के लिए ‘बिरसा मुंडा उत्कृष्ट विधायक सम्मान’ से सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि को उन्होंने अपने राजनीतिक और सामाजिक जीवन का अविस्मरणीय क्षण बताया। सम्मान मिलने के बाद अपने संबोधन में उन्होंने इसका श्रेय मझगांव की जनता के विश्वास और समर्थन को दिया।
यह सम्मान मझगांव की जनता के आशीर्वाद और सहयोग का परिणाम
निरल पूर्ति ने अपने भाषण की शुरुआत देश की रक्षा में शहीद हुए जवानों और नक्सली हिंसा में जान गंवाने वाले सुरक्षाकर्मियों को श्रद्धांजलि देकर की। उन्होंने कहा कि यह सम्मान सिर्फ उनका व्यक्तिगत गौरव नहीं, बल्कि मझगांव की जनता के आशीर्वाद और सहयोग का परिणाम है।
विधानसभा की भूमिका पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि सदन केवल ईंट-पत्थर की इमारत नहीं, बल्कि जनता की उम्मीदों और आकांक्षाओं को आवाज देने का महत्वपूर्ण मंच है। एक जनप्रतिनिधि के रूप में उनकी कोशिश रहती है कि क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं, विकास और जनहित से जुड़े मुद्दों को सदन में मजबूती से उठाया जाए।
यह सम्मान उनके लिए केवल पुरस्कार नहीं, बल्कि बड़ी जिम्मेदारी
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है। इसके लिए संवैधानिक मर्यादाओं का पालन जरूरी है। उन्होंने सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच स्वस्थ बहस को लोकतंत्र की मजबूती के लिए अहम बताया।
अपने संबोधन के अंत में विधायक ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए केवल पुरस्कार नहीं, बल्कि बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने भरोसा जताया कि इससे उन्हें भविष्य में झारखंड की जनता की और अधिक निष्ठा से सेवा करने की प्रेरणा मिलेगी।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








