Giridih: गिरिडीह जिले में देर रात हुए दोहरे हत्याकांड से इलाके में सनसनी फैल गई। पचंबा थाना क्षेत्र के रानीखावा स्थित सुंडीटोला में अज्ञात अपराधियों ने घर में घुसकर बुजुर्ग ससुर और उनकी बहू की टांगी से वार कर हत्या कर दी। वारदात को रात करीब तीन बजे अंजाम दिए जाने की आशंका है। सुबह घटना की जानकारी मिलने के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई।
एक ही परिवार के दो सदस्यों की हत्या से गांव में दहशत का माहौल
मृतकों की पहचान सुकर मंडल और उनकी बहू शीला मंडल के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, अपराधियों ने देर रात घर में घुसकर दोनों पर धारदार हथियार टांगी से ताबड़तोड़ हमला किया। गंभीर चोट लगने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
सुबह जब परिजनों और आसपास के लोगों को घटना का पता चला, तो बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। एक ही परिवार के दो सदस्यों की हत्या से गांव में दहशत का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शुरू की जांच, हत्या की वजह स्पष्ट नहीं
घटना की सूचना मिलते ही पचंबा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और संभावित साक्ष्य जुटाए। आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह सामने नहीं आई है। अपराधियों की संख्या और उनके घर में दाखिल होने के तरीके का भी पता नहीं चल पाया है।
सूरत में मजदूरी करता है शीला का पति
बताया जाता है कि मृतका शीला मंडल का पति जितेंद्र मंडल सूरत में रहकर मजदूरी करता है। शीला अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गई है। मां की हत्या के बाद बच्चों के सिर से ममता का साया उठ गया है। वहीं, परिवार के बुजुर्ग सुकर मंडल की मौत से भी परिजन सदमे में हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








