Ranchi: झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र के दूसरे और अंतिम दिन गांडेय विधायक कल्पना सोरेन ने खनिज संपदा और राज्य के वित्तीय अधिकारों को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि झारखंड ने देश के औद्योगिक विकास में अपना बड़ा योगदान दिया है, लेकिन खनिज संपदा के दोहन की सामाजिक और पर्यावरणीय कीमत यहां के स्थानीय लोगों को चुकानी पड़ती है। इसके बावजूद राज्य के वित्तीय अधिकारों को सीमित किया जा रहा है। कल्पना सोरेन ने साफ कहा कि झारखंड किसी की कृपा या भीख से बना राज्य नहीं है, बल्कि इसके पीछे हमारे पूर्वजों का लंबा संघर्ष और बलिदान है।
खनिजों का दोहन, परेशानी स्थानीय लोगों को
सदन में अपने संबोधन के दौरान कल्पना सोरेन ने कहा कि धनबाद में कोयला निकलता है, पाकुड़ में पत्थर और साहिबगंज समेत अन्य इलाकों में खनिज गतिविधियां होती हैं, लेकिन इन क्षेत्रों के स्थानीय लोगों को प्रदूषण, पर्यावरणीय नुकसान और दूसरी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। पश्चिमी सिंहभूम में लौह अयस्क के खनन से जंगल, पहाड़ और स्थानीय समुदाय प्रभावित होते हैं।
उन्होंने कहा कि खनिज देश की औद्योगिक प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं, लेकिन इसके लिए स्थानीय लोगों को विस्थापन, बीमारियों और पर्यावरणीय नुकसान का सामना करना पड़ता है। जमीन और जंगल स्थानीय लोगों के होते हैं, लेकिन खनन से होने वाले नुकसान की भरपाई का सवाल अब भी गंभीर है।
कोयला कंपनियों के पास दो लाख एकड़ से अधिक जमीन
कल्पना सोरेन ने सदन में विभागीय आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि झारखंड में कोयला कंपनियों के पास लगभग 42 हजार एकड़ वनभूमि, 95 हजार एकड़ निजी जमीन और 66 हजार एकड़ सरकारी गैर-वन भूमि है। इस तरह कंपनियों के पास दो लाख एकड़ से अधिक जमीन है।
उन्होंने सवाल उठाया कि इन जमीनों से जुड़े परिवारों को कितना उचित मुआवजा मिला? विस्थापित लोगों को कितनों को रोजगार दिया गया और कितने परिवारों का समुचित पुनर्वास हुआ? उन्होंने कहा कि खनन से होने वाले आर्थिक लाभ और स्थानीय समुदायों की ओर से चुकाई जा रही सामाजिक एवं पर्यावरणीय कीमत के बीच अंतर का गंभीर मूल्यांकन होना चाहिए।
खनिज राजस्व में 285 प्रतिशत वृद्धि का दावा
कल्पना सोरेन ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में राज्य सरकार ने संसाधनों के बेहतर प्रबंधन और राजस्व संग्रह को मजबूत करने का प्रयास किया है। उनके मुताबिक, इस दौरान खनिज उत्पादन में लगभग 35 प्रतिशत और कुल खनिज राजस्व में करीब 285 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।
उन्होंने कहा कि झारखंड के सामने विकास की बड़ी चुनौतियां हैं। राज्य के विद्यालयों, अस्पतालों, ग्रामीण सड़कों, सिंचाई व्यवस्था और रोजगार के अवसरों को बेहतर बनाने के लिए पर्याप्त संसाधनों की जरूरत है। ऐसे में खनिज राजस्व से जुड़े अधिकारों को सीमित करने वाले किसी भी फैसले का व्यापक वित्तीय मूल्यांकन जरूरी है।
दस साल में एक लाख करोड़ से अधिक राजस्व नुकसान की आशंका
अपने भाषण में कल्पना सोरेन ने खनिज राजस्व से जुड़े संभावित नुकसान का आंकड़ा भी रखा। उन्होंने बताया कि राज्य के वित्तीय आंकड़ों में खनिज और संबंधित भूमि उपकर से प्रतिवर्ष लगभग 15 हजार करोड़ रुपये की आय का अनुमान रखा गया था।
उनके अनुसार, आगामी दस वर्षों में झारखंड में लगभग 2100 मिलियन टन खनिजों के उत्खनन का अनुमान है। यदि राज्यों के कराधान संबंधी अधिकार पहले की तरह बने रहते तो इस अवधि में झारखंड को करीब 2.56 लाख करोड़ रुपये का खनिज राजस्व मिल सकता था। लेकिन संशोधित व्यवस्था में यह संभावित आय घटकर लगभग एक लाख करोड़ रुपये रह जाने का अनुमान है।
कल्पना सोरेन ने कहा कि इससे अगले दस वर्षों में राज्य को एक लाख करोड़ रुपये से अधिक के संभावित राजस्व नुकसान का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने इस राशि को झारखंड के विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताया।
अबुआ आवास और मंईयां सम्मान योजना का किया जिक्र
कल्पना सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार ने सीमित संसाधनों के बावजूद आम लोगों के जीवन में बदलाव लाने के लिए कई योजनाएं शुरू की हैं। उन्होंने अबुआ आवास योजना, सर्वजन पेंशन, पुरानी पेंशन व्यवस्था की बहाली और मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना का उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का सीधा लाभ गरीब परिवारों, महिलाओं, बुजुर्गों और जरूरतमंद लोगों को मिलता है। यदि राज्य के संसाधन और राजस्व प्रभावित होते हैं तो इसका सबसे गहरा असर कमजोर वर्गों पर पड़ेगा। छात्रवृत्ति पाने वाले बच्चों, पेंशन पर निर्भर बुजुर्गों और आर्थिक सहायता से परिवार चलाने वाली महिलाओं के सामने मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
केंद्र से विशेषाधिकार नहीं, संवैधानिक अधिकार मांग रहा झारखंड
संविधान दिवस के अवसर पर कल्पना सोरेन ने केंद्र और राज्यों के बीच अधिकारों के बंटवारे का सवाल भी उठाया। उन्होंने कहा कि भारत एक संघीय व्यवस्था वाला देश है, जहां प्रत्येक राज्य की अपनी जरूरतें और चुनौतियां हैं। ऐसे में निवेश को बढ़ावा देने और राज्यों के संवैधानिक अधिकारों को सुरक्षित रखने के बीच संतुलन बनाया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि झारखंड भारत का अभिन्न हिस्सा है, कोई ऐसा क्षेत्र नहीं जिसका इस्तेमाल केवल संसाधनों के दोहन के लिए किया जाए। राज्य देश के विकास में बराबर का भागीदार है और साझेदारी का मतलब बराबरी तथा सम्मान होना चाहिए।
पक्ष-विपक्ष से एकजुट होकर राज्य का पक्ष रखने की अपील
अपने संबोधन के अंतिम हिस्से में कल्पना सोरेन ने झारखंड आंदोलन और दिशोम गुरु शिबू सोरेन के संघर्षों को याद किया। उन्होंने कहा कि अलग झारखंड का सपना केवल प्रशासनिक इकाई बनाने का नहीं था, बल्कि जल, जंगल और जमीन की रक्षा तथा राज्य के लोगों का मान-सम्मान सुनिश्चित करने का था।
उन्होंने सदन के सत्ता पक्ष और विपक्ष, दोनों दलों के विधायकों से इस मुद्दे पर एकजुट होने की अपील की। उनका कहना था कि केंद्र और राज्य में किस दल की सरकार है, यह महत्वपूर्ण नहीं है। सबसे बड़ा सवाल झारखंड के संवैधानिक और वित्तीय अधिकारों की रक्षा का है।
कल्पना सोरेन ने कहा कि झारखंड विकास का विरोधी नहीं है, बल्कि न्यायपूर्ण विकास चाहता है। उन्होंने अपनी बात इन शब्दों के साथ समाप्त की कि देश की समृद्धि का रास्ता झारखंड की गरीबी से होकर नहीं गुजरना चाहिए।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








