मृतकों के परिजनों को 2 लाख, घायल को 50 हजार रुपये
पीएम मोदी ने हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से प्रत्येक मृतक के परिजन को 2 लाख रुपये और घायल व्यक्ति को 50 हजार रुपये सहायता देने की घोषणा की गई है। उन्होंने घायल के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी हादसे को दुखद बताते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायल के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
रजरप्पा दर्शन के लिए निकला था परिवार
हादसा रविवार तड़के करीब 2 बजे रांची-पटना राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-33) पर पैंकी के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक, 14 लोगों से भरी स्कॉर्पियो की एक अज्ञात वाहन से जोरदार टक्कर हो गई। गाड़ी में सवार सभी लोग बिहार के नालंदा जिले के जंघारो गांव के रहने वाले थे।
शिक्षिका की नौकरी मिलने की खुशी में जा रहे थे मंदिर
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, परिवार की एक महिला सदस्य को सरकारी शिक्षिका की नौकरी मिलने की खुशी में सभी रजरप्पा मंदिर में पूजा करने जा रहे थे। लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। दुर्घटना में 13 लोगों की जान चली गई, जबकि घायल व्यक्ति का इलाज जारी है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।









