KhabarMantra: राजधानी दिल्ली में चल रही 68वीं राष्ट्रीय विद्यालय कुश्ती प्रतियोगिता के पहले ही दिन झारखंड की खुशबू तिर्की ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सभी का ध्यान खींचा। उन्होंने अपने से कहीं ज्यादा अनुभवी मानी जा रही दिल्ली की पहलवान को पराजित कर फाइनल में प्रवेश कर लिया है।
अब कुछ ही देर में खुशबू का फाइनल मुकाबला हरियाणा की पहलवान से होना है, जिससे कुश्ती प्रेमियों में उत्साह चरम पर है। झारखंड से पहली बार इस प्रतियोगिता में हिस्सा ले रही खुशबू ने न केवल अपनी तकनीक बल्कि मानसिक मजबूती से भी सबको प्रभावित किया है।
प्रतियोगिता का यह पहला दिन है और पहले ही दिन झारखंड को मिली यह उपलब्धि राज्य के खेल प्रेमियों के लिए गर्व की बात है। अब सभी की निगाहें फाइनल मुकाबले पर टिकी हुई हैं, जहां खुशबू तिर्की इतिहास रच सकती हैं।






