बिहार में हर्ष फायरिंग अब आम बात बनती जा रही है, लेकिन यह चलन कई बार मासूम जिंदगियों की कीमत पर भारी पड़ता है. ऐसा ही एक दिल दहला देने वाला मामला राजधानी पटना के पचरुखिया थाना क्षेत्र के जमुनापुर गांव से सामने आया है, जहां पोते के जन्मदिन की खुशी में की गई फायरिंग ने 4 साल की मासूम बच्ची की जान ले ली.
बर्थडे पार्टी की खुशियां पलभर में मातम में बदली
जानकारी के अनुसार, देर रात अखिलेश राम अपने पोते डुग्गु का जन्मदिन मना रहे थे. जश्न में शरीक होने के लिए गांव के कई लोग पहुंचे थे. उसी पार्टी में रिया कुमारी भी अपनी मां के साथ आई थी. इसी दौरान दादा अखिलेश राम ने देसी कट्टे से हर्ष फायरिंग कर दी, लेकिन गोली सीधे रिया की कनपटी में जाकर लग गई. गोली लगते ही मौके पर हड़कंप मच गया और पार्टी का माहौल अफरा-तफरी में बदल गया.
इलाज के दौरान मासूम ने तोड़ा दम
घटना के बाद परिजन रिया को पहले एक निजी अस्पताल ले गए, जहां से उसे NMCH रेफर कर दिया गया. लेकिन वहां डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया. बच्ची की मौत की खबर मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई.
आरोपी गिरफ्तार, हथियार बरामद
सूचना मिलते ही पचरुखिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए अखिलेश राम को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने उसके पास से दो देसी कट्टे और छह जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं.
थानाध्यक्ष शशि भूषण ने बताया कि गोली गलती से चलने के बजाय जश्न में जानबूझकर फायरिंग की गई थी, जिससे रिया की जान चली गई. रिया के पिता प्रभु पंडित की शिकायत पर अखिलेश राम के खिलाफ हत्या की FIR दर्ज कर ली गई है.
फरार होने के बाद पुलिस ने पकड़ा
सदर डीएसपी अभिनव कुमार ने बताया कि घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था, लेकिन परिजनों के बयान के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है. एफएसएल टीम द्वारा घटनास्थल की जांच की जा रही है और मामले की हर पहलू से छानबीन की जा रही है.












