Jharkhand: जिले की पुलिस को एक और बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। बाइक चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत धनबाद पुलिस ने बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने कुल 21 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं और 5 कुख्यात बाइक चोरों को गिरफ्तार किया है।
धनबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रभात कुमार ने बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से चोरी की गई बाइक को जब्त किया गया है। इस अभियान का नेतृत्व सिंदरी डीएसपी द्वारा किया गया, जिनके निर्देशन में एक विशेष टीम गठित की गई थी।
पुलिस टीम ने पांच ठिकानों पर छापेमारी कर चोरी की गई बाइक के साथ-साथ दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। इसके अलावा, झरिया के एक गैरेज से एक अपराधी को भी पकड़ा गया है, जो चोरी की बाइकों के इंजन और चेसिस नंबर बदलकर तथा फर्जी दस्तावेज तैयार कर उन्हें बेचने का काम कर रहा था। उस पर झरिया थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है।
गिरफ्तार अपराधियों की पहचान:
- मो. आरिफ अंसारी उर्फ आरिफ गद्दी
- जागो उर्फ जगदीश भुईया
- छोटू कुमार उर्फ छोटू पंडित
- सूरज कुमार
- मो. असलम (सभी आरोपी जामताड़ा के रहने वाले हैं)
धनबाद पुलिस की यह कार्रवाई न केवल वाहन चोरों पर लगाम लगाने में अहम साबित हुई है, बल्कि आम जनता में सुरक्षा की भावना को भी मजबूत करती है। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि इस तरह की आपराधिक गतिविधियों पर पूरी सख्ती के साथ कार्रवाई जारी रहेगी।












