Jharkhand: धनबाद पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। सुदामडीह थाना क्षेत्र के रिभर साइड इलाके में स्थित एक खाली क्वार्टर से एक अपराधी को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ अपराधकर्मी किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं।
धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार ने प्रेसवार्ता कर बताया कि सूचना के बाद जोरापोखर अंचल के पुलिस निरीक्षक के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया। छापामारी के दौरान टीम ने अपराधी शिवनंदन वर्मा को एक अवैध देसी कट्टा (आग्नेयास्त्र) के साथ गिरफ्तार किया।
इस संबंध में सुदामडीह थाना कांड संख्या-55/25 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
आरोपी की पुरानी आपराधिक पृष्ठभूमि:
पुलिस के अनुसार, शिवनंदन वर्मा पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। फरवरी 2025 में सुदामडीह थाना क्षेत्र के मोहन बाजार मेन रोड पर हुई लूट की घटना में भी उसकी संलिप्तता सामने आई थी। पुलिस ने यह भी बताया कि गिरफ्तार अपराधी से बरामद हथियार उसी लूट की घटना में इस्तेमाल किया गया था।












