मैथन: शुक्रवार को मैथन में भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा का आयोजन अत्यंत हर्षोल्लास और श्रद्धा के वातावरण में किया गया. रथयात्रा की शुरुआत सुबह चिरकुंडा से गाजे-बाजे, ढोल-नगाड़ों और भक्तों के उत्साह के साथ हुई, जिसमें श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया.
रथ यात्रा का मार्ग:
रथ यात्रा चिरकुंडा से प्रारंभ होकर तालडांगा, कुमारधुबी, मैथन मोड़, संजय चौक, मेनगेट होते हुए मैथन पोस्ट ऑफिस क्षेत्र स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर तक पहुंची. पूरे मार्ग पर श्रद्धालुओं की भीड़ ने “जय जगन्नाथ” के नारों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया.
read more: Rath Yatra 2025: रथ खींचते ही चल पड़ा लाचार शरीर— पुरी रथयात्रा में हुआ सच्चा चमत्कार
पूजा-अर्चना और भक्ति कार्यक्रम:
मंदिर पहुंचने के बाद भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और देवी सुभद्रा की विधिवत पूजा-अर्चना की गई. इसके उपरांत भजन-कीर्तन और धार्मिक आयोजन हुए, जिसमें स्थानीय कलाकारों और कीर्तन मंडलियों ने भक्तिरस से माहौल को सराबोर कर दिया.
श्रद्धालुओं का उत्साह:
हजारों की संख्या में श्रद्धालु रथ खींचने के लिए उमड़े. यह दृश्य अत्यंत मनोहारी था जब महिलाएं, बच्चे, युवा और वृद्ध सभी ने मिलकर भगवान के रथ को खींचा. भक्ति, आस्था और आनंद की त्रिवेणी हर चेहरे पर झलक रही थी.
विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति:
इस पावन अवसर पर क्षेत्र के विधायक अरूप चटर्जी, सामाजिक कार्यकर्ता गोपी दा, बिट्टू पांडेय, त्रिलोचन सिंह, स्वप्न घोष, एलपी सिंह, सबन साव, पोल्टू मंडल सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे. उन्होंने आयोजन समिति को साधुवाद दिया और जनता को शुभकामनाएं दीं.
सीनियर कंटेंट राइटर एवं रिपोर्टर, खबर मन्त्र। झारखंड के सामाजिक मुद्दों, शिक्षा, स्वास्थ्य, संस्कृति और प्रशासनिक गतिविधियों पर जमीनी रिपोर्टिंग।












