Ranchi News: राजधानी रांची के सोनाहातू प्रखंड में भारी बारिश ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं. तेलवाडीह पंचायत के अंतर्गत तेलवाडीह गांव में तेज बारिश के कारण एक कच्चा मकान ढह गया, जिसकी चपेट में आकर 9 वर्षीय बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई.
मृतक की पहचान, परिवार मातम में डूबा
हादसे में जान गंवाने वाले बच्चे की पहचान शिवा प्रमाणिक, पिता सुभाष प्रमाणिक के रूप में हुई है. शिवा मूल रूप से ईचागढ़ प्रखंड के लेपाटांड़ गांव का रहने वाला था. वह हाल ही में अपने मामा के घर तेलवाडीह गांव में परिवार के साथ रह रहा था.
read more- पहाड़ी मंदिर संकट में! सोमवार और मंगलवार रहेगा बंद, जानिए वजह
बताया जा रहा है कि देर रात पूरा परिवार मकान के अंदर सो रहा था, जब अचानक तेज बारिश से मकान की कमजोर नींव टूट गई और पूरा ढांचा ढह गया. शिवा मलबे के नीचे दब गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
प्रशासनिक कार्रवाई और शव को भेजा गया रिम्स
घटना की सूचना मिलते ही मुखिया प्रतिनिधि फणी भूषण सिंह मुंडा मौके पर पहुंचे और प्रशासन को जानकारी दी. सोनाहातू थाना पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया. बच्चे का शव पोस्टमार्टम के लिए रिम्स, रांची भेजा गया है.
लगातार बारिश बनी हादसे की वजह
इलाके में पिछले कई दिनों से लगातार भारी बारिश हो रही है, जिससे कई पुराने और कच्चे मकानों की स्थिति खराब हो गई है. प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, मकान की नींव कमजोर होने के कारण यह हादसा हुआ. घटना के बाद गांव में शोक की लहर है.
read more- झारखंड में भारी बारिश और फ्लैश फ्लड की चेतावनी, अगले 24 घंटे सतर्क रहने की जरूरत
प्रशासन से सहायता की उम्मीद
ग्रामीणों ने मांग की है कि पीड़ित परिवार को आपदा राहत कोष से अनुग्रह राशि और आवास सहायता प्रदान की जाए.
वहीं प्रशासन की ओर से अभी तक आर्थिक मुआवज़े या राहत की घोषणा नहीं की गई है.













