Palamu : पलामू जिले के पिपराटांड़ थाना क्षेत्र में अपराधियों ने बेखौफ होकर एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। कर्मा गांव में मंगलवार की देर रात अपराधियों ने एक युवक की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी है। मृतक की पहचान राजमुनि पाठक के रुप में हुई है।
घर से महज 200 मीटर की दूरी पर मारी गोली
जानकारी के मुताबिक, राजमुनि पाठक रात में अपने परिवार के साथ घर में सोए हुए थे। तभी कुछ अज्ञात हमलावर वहां पहुंचे और किसी बहाने से उन्हें घर के बाहर बुलाकर ले गए। घर से महज 200 मीटर की दूरी पर अपराधियों ने उनके सिर में गोली दाग दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के वक्त घर में मृतक की पत्नी और दो बेटे मौजूद थे, लेकिन जब तक वे कुछ समझ पाते, अपराधी वारदात को अंजाम देकर फरार हो चुके थे।
जमीन विवाद में हत्या की आशंका
पिपराटांड़ थाना प्रभारी निलेश कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों ने प्राथमिक तौर पर जमीन विवाद की आशंका जताई है।
हालांकि, इलाके में कई शादी समारोह होने के कारण शोर-शराबे के बीच हमलावरों की पहचान करना मुश्किल हो रहा है। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए तकनीकी साक्ष्य जुटा रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है।








