Dhanbad: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) धनबाद की टीम ने गुरुवार को गिरिडीह जिले के बेंगाबाद अंचल कार्यालय में बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्व उप-निरीक्षक (कर्मचारी) सुरेंद्र यादव और उनके सहयोगी दलाल मुकेश कुमार को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। एसीबी ने दोनों को 6,000 रुपये की रिश्वत लेते पकड़ा।
दाखिल-खारिज के बदले मांगी गई थी रिश्वत
मामले में शिकायतकर्ता ने अपनी पुत्री लक्ष्मी कुमारी वर्णवाल के नाम पर गिरिडीह जिले के बेंगाबाद अंचल अंतर्गत मौजा मोतीलेदा में स्थित जमीन के दाखिल-खारिज के लिए आवेदन दिया था। यह जमीन खाता संख्या 0-74, खेसरा संख्या 4045, रकबा 7.34 डिसमिल की है।
एल.आर.डी.सी. कार्यालय गिरिडीह से आवेदन बेंगाबाद अंचल कार्यालय भेजा गया था। जब शिकायतकर्ता ने अंचलाधिकारी से मुलाकात की, तो उन्हें संबंधित कर्मचारी सुरेंद्र यादव से मिलने को कहा गया।
15 हजार रुपये की डिमांड, पहली किस्त लेते पकड़े गए
आरोप है कि 16 दिसंबर 2025 को सुरेंद्र यादव ने दाखिल-खारिज के बदले 15,000 रुपये रिश्वत की मांग की। पीड़ित रिश्वत नहीं देना चाहता था, जिसके बाद उसने इसकी शिकायत एसीबी धनबाद से की।
जाल बिछाकर एसीबी ने की गिरफ्तारी
शिकायत की सत्यता जांच में आरोप सही पाए जाने पर एसीबी ने कांड संख्या 0-11/2025 दर्ज किया।
इसके बाद गुरुवार (18 दिसंबर 2025) को बेंगाबाद अंचल कार्यालय में जाल बिछाया गया। जैसे ही सुरेंद्र यादव और दलाल मुकेश कुमार ने पीड़ित से रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 6,000 रुपये लिए, एसीबी की टीम ने उन्हें मजिस्ट्रेट और स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण
- सुरेंद्र यादव (राजस्व उप-निरीक्षक)
निवासी – ग्राम अंगईयां, पीरटांड़, जिला गिरिडीह - मुकेश कुमार (दलाल)
निवासी – ग्राम नावाहार, बेंगाबाद, जिला गिरिडीह
अंचल कार्यालय में मचा हड़कंप
एसीबी की इस कार्रवाई के बाद बेंगाबाद अंचल कार्यालय में हड़कंप मच गया है। फिलहाल दोनों अभियुक्तों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis









