भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के प्रधानमंत्री पर दिए गए कथित आपत्तिजनक बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि संवैधानिक प्रक्रिया से चुने गए देश के प्रधानमंत्री के खिलाफ इस तरह की टिप्पणी न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है, बल्कि यह कांग्रेस नेतृत्व की “मानसिक दिवालियापन” को भी दर्शाती है। साहू ने आरोप लगाया कि खड़गे का बयान संविधान-विरोधी सोच को उजागर करता है और यह स्वस्थ लोकतांत्रिक परंपराओं के विपरीत है।
साहू ने आगे कहा कि कांग्रेस नेताओं द्वारा इस प्रकार की भाषा का प्रयोग पहली बार नहीं हुआ है, बल्कि यह एक लगातार चलने वाली प्रवृत्ति बन चुकी है, जो दर्शाती है कि पार्टी मुद्दों से भटक गई है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि झारखंड की राजधानी रांची के कांके में मानसिक रोगियों के इलाज की समुचित व्यवस्था है, जहां ऐसे लोगों का उपचार संभव है।
भाजपा नेता ने यह भी कहा कि इस बयान से यह स्पष्ट होता है कि कांग्रेस के मन में देश के प्रधानमंत्री के प्रति गहरी नाराजगी और असम्मान है। उन्होंने मांग की कि खड़गे अपने इस बयान के लिए देश से सार्वजनिक रूप से माफी मांगें।