रांची: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रवक्ता अख्तर अली ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर अल्पसंख्यक नेताओं को निशाना बनाने और विभाजनकारी राजनीति करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा को अल्पसंख्यकों की तरक्की, उनके लोकतांत्रिक अधिकारों और राज्य के विकास में उनकी भागीदारी से परेशानी है। अख्तर अली ने आरोप लगाया कि भाजपा सत्ता में रहते हुए अल्पसंख्यकों के खिलाफ माहौल बनाती है और विपक्ष में आने के बाद उनके नेताओं को निशाना बनाने की राजनीति करती है।
इरफान अंसारी और हफीजुल हसन का मामला उठाया
अख्तर अली ने मंत्री इरफान अंसारी के बयान को लेकर भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश की ओर से एफआईआर दर्ज कराने पर सवाल उठाए। उन्होंने इसे भाजपा की कुंठित राजनीति करार दिया।
कांग्रेस प्रवक्ता ने मंत्री हफीजुल हसन के बयानों को भी मुद्दा बनाया। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके बयानों को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया और मधुपुर उपचुनाव के दौरान उन्हें धमकियां दी गईं।
वहीं, पूर्व मंत्री आलमगीर आलम के मामले का जिक्र करते हुए अख्तर अली ने केंद्रीय एजेंसियों के इस्तेमाल पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्रीय एजेंसियों और सत्ता तंत्र का इस्तेमाल राजनीतिक प्रतिशोध के लिए किया जा रहा है।
मॉब लिंचिंग का जिक्र कर भाजपा को घेरा
अख्तर अली ने भाजपा के कथित दोहरे चरित्र पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब भाजपा सत्ता में होती है, तब अल्पसंख्यकों को निशाना बनाने वाली मॉब लिंचिंग जैसी घटनाएं सामने आती हैं। वहीं, सत्ता से बाहर होने पर अल्पसंख्यक मंत्रियों के खिलाफ लगातार राजनीतिक साजिशें रचने का आरोप लगाया।
उन्होंने सवाल किया कि आखिर भाजपा को देश के अल्पसंख्यकों से इतनी परेशानी क्यों है? क्या मुसलमान इस देश के बराबर के नागरिक नहीं हैं? देश की आजादी और निर्माण में उनका योगदान नहीं रहा है? उन्होंने कहा कि बार-बार अल्पसंख्यकों के वजूद और देशभक्ति पर सवाल उठाना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।
भाजपा की राजनीति का जवाब देगी झारखंड की जनता: अख्तर अली
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि झारखंड की जनता भाजपा की कथित नफरत और बांटने वाली राजनीति को समझ चुकी है। उन्होंने दावा किया कि राज्य के अल्पसंख्यक नागरिक और उनके प्रतिनिधि झारखंड के विकास में अपनी भूमिका निभाते रहेंगे और किसी भी दबाव के आगे नहीं झुकेंगे।
अख्तर अली ने भाजपा से सवाल किया कि जब देश की तरक्की में सभी समुदायों की बराबर भागीदारी है, तो अल्पसंख्यक नेताओं के नेतृत्व और राजनीतिक भागीदारी को लेकर इतनी आपत्ति क्यों जताई जा रही है?

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis







