Ranchi: मोहर्रम पर्व के अवसर पर 27 जून 2026 (शनिवार) को रांची जिले के सभी सरकारी, गैर-सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों में पूर्ण अवकाश रहेगा। जिला प्रशासन ने यह फैसला जिले के विभिन्न क्षेत्रों में निकलने वाले ताजिया और अखाड़ा जुलूस के कारण संभावित यातायात बाधित होने और स्कूली बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया है।
जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर जारी आदेश के अनुसार, जिले में पूरे दिन विभिन्न मार्गों पर जुलूस निकलेंगे, जिससे ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। ऐसे में छात्रों, अभिभावकों और स्कूल वाहनों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए स्कूल बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
अत्यंत आवश्यक स्थिति में DEO को पूर्व सूचना देकर परीक्षा आयोजित कर सकेंगे
हालांकि, जिन विद्यालयों में पहले से निर्धारित परीक्षा आयोजित होनी है, वे केवल अत्यंत आवश्यक स्थिति में जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) को पूर्व सूचना देकर परीक्षा आयोजित कर सकेंगे।
जिला प्रशासन ने सभी स्कूल प्रबंधन, अभिभावकों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे प्रशासन का सहयोग करें और मोहर्रम पर्व को शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ संपन्न कराने में अपनी भूमिका निभाएं। प्रशासन ने लोगों से यातायात संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की भी अपील की है।










