Dhanbad: धनसार थाना क्षेत्र के मनईटांड बस्ती में कथित रूप से संचालित हो रहे जुआ अड्डे को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। आरोप है कि भोक्ता मंदिर के समीप स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर के पीछे करीब एक माह से टेंट लगाकर बड़े पैमाने पर जुआ खेला जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दिन-रात यहां लोगों की भीड़ जुट रही है, जिससे इलाके का माहौल प्रभावित हो रहा है।
मोटी रकम लगाकर जुआ खेलते हैं युवा
स्थानीय निवासियों के अनुसार, प्रतिदिन बड़ी संख्या में युवक यहां पहुंचते हैं और कथित तौर पर मोटी रकम लगाकर जुआ खेलते हैं। अधिक पैसे जीतने के लालच में कई लोग अपनी मेहनत की कमाई गंवा रहे हैं। क्षेत्र में चर्चा है कि हाल ही में एक युवक ने एक दिन में करीब पांच लाख रुपये गंवा दिए। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
लोगों का आरोप है कि मनईटांड के अलावा धनबाद जिले के अन्य इलाकों से भी लोग यहां पहुंच रहे हैं। इतना ही नहीं, पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल से भी कुछ लोगों के कथित रूप से जुआ खेलने आने की बात कही जा रही है। देर रात तक लोगों की आवाजाही और भीड़ के कारण आसपास रहने वाले परिवारों को परेशानी होने का दावा किया जा रहा है।
मनईटांड की अपनी सामाजिक और आंदोलनकारी पहचान रही है
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि मनईटांड की अपनी सामाजिक और आंदोलनकारी पहचान रही है। ऐसे में क्षेत्र में कथित जुआ अड्डे के संचालन से इलाके की छवि प्रभावित हो रही है। लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि जुआ खेलने के लिए लगातार बाहरी लोगों के आने से असामाजिक गतिविधियों की आशंका बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो जुआ संचालन के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। नागरिकों का कहना है कि युवाओं को जुए जैसी गतिविधियों से दूर रखने और क्षेत्र में सुरक्षित माहौल बनाए रखने के लिए प्रशासन को मामले को गंभीरता से लेना चाहिए।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









