Dhanbad: विभिन्न समस्याओं और प्रशासनिक कार्रवाई के विरोध में शुक्रवार को ई-रिक्शा चालकों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में ई-रिक्शा चालकों ने ट्रैफिक थाना के समीप सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। अचानक सड़क जाम होने से कुछ देर के लिए यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
प्रदर्शन कर रहे चालकों ने आरोप लगाया कि उन्हें आए दिन प्रशासनिक कार्रवाई, जुर्माना समेत कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना था कि बार-बार शिकायत के बावजूद उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है। इससे नाराज होकर उन्हें सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करना पड़ा।
ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे
सड़क जाम की सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे ई-रिक्शा चालकों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को सुना और उचित समाधान का आश्वासन दिया। अधिकारियों के समझाने के बाद चालकों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया, जिसके बाद यातायात व्यवस्था सामान्य हो सकी।
इधर, प्रदर्शन के दौरान सड़क जाम रहने से राहगीरों और अन्य वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। ई-रिक्शा चालकों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों और समस्याओं पर जल्द सकारात्मक पहल नहीं हुई, तो वे दोबारा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।










