Dhanbad: बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में शादी के नाम पर ठगी और मारपीट करने वाले कथित गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि गिरोह ने राजस्थान के एक युवक और उसके परिजनों को शादी का झांसा देकर धनबाद बुलाया। यहां उनसे शादी की खरीदारी कराने के बाद एक गांव में ले जाकर युवती की मांग में सिंदूर भरवाया गया। बाद में घर चलकर भोजन करने से इनकार करने पर उनके साथ मारपीट कर वहां से भगा दिया गया।
सपना बनकर युवक को झांस में लिया
डीएसपी मुख्यालय-1 कुमार विनोद ने बुधवार को प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि घटना सात सितंबर की देर शाम की है। राजस्थान निवासी रमेश नट ने बरवाअड्डा थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, तीन सितंबर को सपना नाम की महिला ने रमेश नट से फोन पर संपर्क किया था। उसने अपने भतीजे की शादी के लिए दो युवतियों की तस्वीरें भेजीं। शादी की बातचीत आगे बढ़ने के बाद रमेश अपने भाई, भतीजे इकबाल और भाभी के साथ राजस्थान से धनबाद पहुंचा।
पुलिस के अनुसार, धनबाद पहुंचने के बाद गिरोह में शामिल महिला और पुरुष सदस्यों ने शादी के नाम पर उनसे खरीदारी कराई। इसके बाद उन्हें एक गांव में ले जाया गया, जहां युवती की मांग में सिंदूर भरवाकर शादी पूरी होने की बात कही गई। कुछ देर बाद लड़के वालों को घर चलकर भोजन करने के लिए कहा गया। उनके वहां जाने से इनकार करने पर कथित तौर पर उनके साथ मारपीट की गई और उन्हें वहां से भगा दिया गया।
तकनीकी साक्ष्य से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
शिकायत मिलने के बाद बरवाअड्डा पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपियों की पहचान की और अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर 10 लोगों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में अजय दास, राजेश कुमार, मंतोष साव, सुमन विश्वकर्मा, चंदन शर्मा, नीलम देवी, पूजा कुमारी, मकरी देवी, विशु यादव और राजेंद्र साव शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से शादी के लिए खरीदे गए कपड़े, गहने समेत अन्य सामान बरामद करने का दावा किया है।
पहले भी लोगों को बनाया शिकार?
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कथित गिरोह ने इससे पहले भी शादी के नाम पर कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका और नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









