आसनसोल: बढ़ती महंगाई और जरूरी सामानों की कीमतों में अचानक हुई बढ़ोतरी की शिकायतों के बीच पश्चिम बर्धमान जिला प्रशासन ने बाजारों की निगरानी तेज कर दी है। मंगलवार को जिलाधिकारी एस. पोन्नाबलम और आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस आयुक्तालय के डीसीपी सेंट्रल ध्रुव दास ने अधिकारियों की टीम के साथ आसनसोल के मुख्य बाजार का औचक निरीक्षण किया।
दोपहर करीब 12 बजे प्रशासनिक टीम के बाजार पहुंचते ही दुकानदारों में हलचल बढ़ गई। अधिकारियों ने सब्जी मंडी के साथ-साथ किराना और राशन की दुकानों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान आलू, प्याज, टमाटर, हरी सब्जियों, खाद्य तेल, दाल और अन्य जरूरी सामान के थोक एवं खुदरा भाव की जांच की गई।
रेट चार्ट और स्टॉक की हुई जांच
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दुकानों में रखे स्टॉक, स्टॉक रजिस्टर और रेट चार्ट की भी जांच की। कई दुकानों पर रेट चार्ट नहीं मिलने पर प्रशासन ने नाराजगी जताई और दुकानदारों को तत्काल नियमों का पालन करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी एस. पोन्नाबलम ने स्पष्ट किया कि थोक और खुदरा विक्रेताओं को रोजाना का रेट चार्ट बड़े और स्पष्ट अक्षरों में दुकान के बाहर या ग्राहकों को दिखाई देने वाली जगह पर लगाना होगा। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान किसी भी तरह की जमाखोरी, कालाबाजारी या कृत्रिम तरीके से कीमत बढ़ाने की कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रशासन ने चेतावनी दी कि आवश्यक वस्तुओं की जमाखोरी या निर्धारित नियमों के उल्लंघन की शिकायत मिलने पर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा सकती है।
पुलिस-प्रशासन की संयुक्त निगरानी रहेगी जारी
डीसीपी सेंट्रल ध्रुव दास ने कहा कि बाजार में कीमतों पर नियंत्रण बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासन की संयुक्त निगरानी आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कोई दुकानदार निर्धारित या उचित मूल्य से अधिक कीमत वसूलता है, तो इसकी सूचना प्रशासन को दें।
महंगाई से परेशान खरीदारों को राहत की उम्मीद
स्थानीय खरीदारों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों में सब्जियों और रोजमर्रा के किराना सामान की कीमतों में तेजी देखने को मिली है। इससे आम परिवारों के घरेलू बजट पर सीधा असर पड़ा है। प्रशासन के औचक निरीक्षण के बाद लोगों को उम्मीद है कि बाजार में मनमानी कीमत वसूली पर रोक लगेगी और जरूरी सामान उचित दर पर उपलब्ध होगा।
वहीं, दुकानदारों ने प्रशासन को भरोसा दिलाया कि वे सरकारी निर्देशों का पालन करेंगे और उचित मूल्य पर ही सामान बेचेंगे।
जिला प्रशासन के मुताबिक, आने वाले दिनों में पश्चिम बर्धमान जिले के अन्य प्रमुख बाजारों में भी इसी तरह के औचक निरीक्षण किए जाएंगे। प्रशासन का उद्देश्य त्योहारों के दौरान आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता बनाए रखना और कालाबाजारी व जमाखोरी पर प्रभावी नियंत्रण करना है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis









