Ranchi: झारखण्ड प्रदेश कांग्रेस क़े मिडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने बीजेपी पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा भाजपा और उसके नेताओं की सबसे बड़ी समस्या यह है कि वे लोकतंत्र में सवाल पूछने को भी अपराध मानने लगे हैं।
भाजपा अपनी विफलताओं पर पर्दा नहीं डाल सकती
उन्होंने बीजेपी पर पलटवार करते हुए कहा कि आदित्य साहू पहले यह बताएं कि देश की जनता महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की बदहाली और युवाओं के भविष्य पर सवाल पूछे तो उसका जवाब कौन देगा? हर आलोचना को ‘प्रधानमंत्री का अपमान’ बताकर भाजपा अपनी विफलताओं पर पर्दा नहीं डाल सकती।
राहुल गाँधी लगातार देश के ज्वलंत मुद्दों को उठा रहे हैं, इसलिए भाजपा घबराई हुई है। सच्चाई यह है कि भाजपा ने पिछले वर्षों में लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर किया, विपक्ष की आवाज दबाई और जनता से जुड़े मूल मुद्दों से ध्यान भटकाने की राजनीति की।
करोड़ों युवा नौकरी की तलाश में भटक रहे हैं
भाजपा बार-बार प्रधानमंत्री के गरीब परिवार से आने की बात करती है, लेकिन आज गरीब सबसे ज्यादा परेशान है। रसोई गैस महंगी, पेट्रोल-डीजल महंगा, शिक्षा और स्वास्थ्य महंगे हो चुके हैं। करोड़ों युवा नौकरी की तलाश में भटक रहे हैं। अगर सरकार की नीतियों पर सवाल उठेंगे तो भाजपा उसे गाली और अपमान बताकर भावनात्मक राजनीति शुरू कर देती है।
कांग्रेस स्पष्ट कहना चाहती है कि देश किसी व्यक्ति विशेष से नहीं, संविधान और जनता की ताकत से चलता है। लोकतंत्र में प्रधानमंत्री से सवाल पूछना देशद्रोह नहीं, बल्कि जनता के प्रति जिम्मेदारी है। भाजपा को आलोचना सुनने की आदत डालनी चाहिए, क्योंकि लोकतंत्र में जवाबदेही सबसे ऊपर होती है।”








