रांची: JPSC और JSSC-CGL परीक्षा में कथित धांधली के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्रों पर एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगाते हुए भाजपा ने सरकार और प्रशासन पर निशाना साधा है। मंगलवार को नेता प्रतिपक्ष एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता बाबूलाल मरांडी पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ रांची सदर अंचलाधिकारी सह दंडाधिकारी के कार्यालय पहुंचे। उन्होंने पुतला दहन कार्यक्रम के दौरान छात्रों के खिलाफ की गई कार्रवाई को लेकर निष्पक्ष जांच और सभी पक्षों पर समान रूप से कार्रवाई की मांग की।
बाबूलाल मरांडी ने आरोप लगाया कि छात्रों के शांतिपूर्ण कार्यक्रम के दौरान कुछ लोगों ने कथित तौर पर व्यवधान उत्पन्न किया और छात्राओं के साथ दुर्व्यवहार किया, लेकिन उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई। उन्होंने कहा कि घटना से जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया पर मौजूद हैं, जिनके आधार पर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा सकती है।
‘सरकार की कठपुतली बनकर काम न करें अधिकारी’
नेता प्रतिपक्ष ने अधिकारियों को कानून और नियमों के तहत काम करने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों को किसी सरकार या राजनीतिक दबाव में काम करने के बजाय निष्पक्ष होकर कानून के अनुसार कार्रवाई करनी चाहिए।
मरांडी ने आरोप लगाया कि पुतला दहन कार्यक्रम में तैनात दंडाधिकारी ने मामले में एकतरफा कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रतिनिधिमंडल अधिकारियों को उनके दायित्व का बोध कराने और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग को लेकर सीओ कार्यालय पहुंचा है।
‘JMM कार्यकर्ताओं पर FIR नहीं हुई तो धरना’
बाबूलाल मरांडी ने आरोप लगाया कि घटना के दौरान झामुमो से जुड़े लोगों ने छात्रों के साथ कथित तौर पर मारपीट और अभद्रता की, लेकिन कार्रवाई छात्रों के खिलाफ की गई। उन्होंने मांग की कि घटना में शामिल सभी लोगों के खिलाफ समान रूप से कानूनी कार्रवाई हो।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि संबंधित लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की गई, तो भाजपा कार्यकर्ता संबंधित मजिस्ट्रेट के कार्यालय के सामने धरना देंगे।
24 अगस्त को दी थी चेतावनी
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि उन्होंने 24 अगस्त को ही चेतावनी दी थी कि यदि कथित रूप से JMM कार्यकर्ताओं के खिलाफ FIR दर्ज नहीं की गई, तो 25 अगस्त को संबंधित मजिस्ट्रेट के कार्यालय पहुंचकर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की जाएगी। इसी क्रम में मंगलवार को भाजपा नेताओं ने सीओ कार्यालय पहुंचकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई।
उन्होंने प्रशासन पर राजनीतिक दबाव में काम करने का आरोप भी लगाया। हालांकि, ये सभी आरोप भाजपा और बाबूलाल मरांडी की ओर से लगाए गए हैं। मामले में प्रशासन या झामुमो का पक्ष सामने आने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
इस दौरान पूर्व सांसद दीपक प्रकाश, विधायक सीपी सिंह, योगेंद्र प्रताप सिंह, वरुण साहू समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis









