Dhanbad: दुर्गा पूजा शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर सोमवार को न्यू टाउन हॉल में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक हुई। वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि पूजा एवं विसर्जन के दौरान डीजे बजाने पर प्रतिबंध रहेगा। प्रत्येक पूजा पंडाल में पुलिस पदाधिकारी और पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेंगे। सादे लिबास में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती होगी। सभी पंडालों में सीसीटीवी कैमरे और अग्निशमन उपकरण रखना अनिवार्य होगा। पूजा समितियों को विसर्जन मार्ग का पहले से भौतिक सत्यापन करने तथा विसर्जन में इस्तेमाल होने वाले वाहनों की तकनीकी जांच कराने का निर्देश दिया गया।
सोशल मीडिया पर अफवाह उड़ाने वालों की खैर नहीं
श्रद्धालुओं के लिए महिला और पुरुष की अलग-अलग कतारें बनाने तथा पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवक रखने को कहा गया। सोशल मीडिया पर अफवाहों की रोकथाम के लिए व्हाट्सएप ग्रुप की सेटिंग ‘ओनली एडमिन कैन पोस्ट’ रखने की अपील की गई। पूजा के दौरान कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय रहेगा और पुलिस सोशल मीडिया पर निगरानी रखेगी। आपात स्थिति में डायल 112 के अलावा कंट्रोल रूम के चार अन्य मोबाइल नंबर भी सक्रिय रहेंगे।
नगर आयुक्त आशीष गंगवार ने कहा कि स्ट्रीट लाइट दुरुस्त करने, नियमित जलापूर्ति और तालाबों की सफाई की व्यवस्था की जा रही है। गोल्फ ग्राउंड और कोहिनूर वेंडिंग जोन में पार्किंग की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। प्रतिमा विसर्जन केवल नगर निगम द्वारा चिह्नित स्थानों पर करने की अपील की गई।
विधायक राज सिन्हा ने मुख्य सड़कों पर कट बंद करने, शराब दुकानों के आसपास निगरानी बढ़ाने और आवारा पशुओं पर नियंत्रण का सुझाव दिया। झरिया विधायक रागिनी सिंह ने झरिया को जाममुक्त रखने तथा आपात स्थिति में आम लोगों के वाहनों को रास्ता देने की मांग की। महापौर संजीव सिंह ने समस्याओं के संयुक्त समाधान का भरोसा दिया।बैठक में प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों सहित शांति समिति के सदस्य मौजूद रहे।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









