Patna: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में आज हुई बिहार कैबिनेट की अहम बैठक में 41 एजेंडों पर मुहर लगाई गई। इस बैठक में पत्रकार पेंशन योजना, खेल विकास, इंफ्रास्ट्रक्चर, स्वास्थ्य, और कृषि जैसे कई अहम क्षेत्रों को लेकर महत्वपूर्ण फैसले लिए गए।
पत्रकार पेंशन योजना में बड़ा बदलाव
बिहार सरकार ने पत्रकारों के हित में बड़ा फैसला लेते हुए उनकी मासिक पेंशन राशि को ₹6,000 से बढ़ाकर ₹15,000 कर दिया है। इस प्रस्ताव को पहले मुख्यमंत्री ने सार्वजनिक मंच पर घोषित किया था और अब इसे कैबिनेट की स्वीकृति भी मिल गई है।
1100 करोड़ रुपये से बनेगी राजगीर खेल एकेडमी
राज्य सरकार ने राजगीर खेल एकेडमी के निर्माण के लिए ₹1100 करोड़ की भारी-भरकम राशि को मंजूरी दी है। यह एकेडमी राज्य में खेल प्रतिभाओं को आगे लाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
राम मनोहर लोहिया पथ के लिए 675.50 करोड़
पटना में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के उद्देश्य से राम मनोहर लोहिया पथ के निर्माण के लिए ₹675.50 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। वहीं, छपरा में फ्लाईओवर निर्माण के लिए ₹696.26 करोड़ और एम्स पटना से दीघा तक रेल और सड़क पुल के निर्माण को भी हरी झंडी दी गई।
सीताकुंड मेला बना राष्ट्रीय मेला
मुंगेर के प्रसिद्ध सीताकुंड मेले को अब राष्ट्रीय मेले का दर्जा दे दिया गया है। इससे पर्यटन और स्थानीय व्यापार को नया बल मिलेगा।
6 सरकारी डॉक्टरों को किया गया बर्खास्त
बैठक में कर्तव्य में लापरवाही बरतने के आरोप में 6 सरकारी डॉक्टरों को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया। यह निर्णय सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को बनाए रखने के तहत लिया गया है।
अन्य अहम फैसले:
- बिहार राज्य युवा आयोग में 6 पदों की स्वीकृति।
- सफाई कर्मचारी आयोग के गठन को मंजूरी।
- कन्या उद्योग से जुड़े प्रस्तावों को स्वीकृति।
- आंगनबाड़ी एवं पोषण योजना 0 के लिए ₹115 करोड़ मंजूर।
- गन्ना उद्योग (ईंख सेवा) भर्ती नियमावली 2025 को स्वीकृति।
- कृषि विभाग में प्रखंड कृषि अधिकारियों की नियुक्ति का प्रस्ताव पारित।
बिहार कैबिनेट की यह बैठक विकास, सामाजिक सुरक्षा और बुनियादी ढांचे को मजबूती देने के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण रही। पत्रकारों से लेकर खिलाड़ियों तक और किसानों से लेकर आम नागरिकों तक, हर वर्ग के लिए फैसले लिए गए।













