Jharkhand : लातेहार पुलिस ने साइबर क्राइम के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए टोरी रेलवे स्टेशन के एक कर्मचारी से 3.9 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान सुरेंद्र खोजा के रूप में हुई है, जो राजस्थान के नागौर जिले के कुचामन क्षेत्र अंतर्गत निंबी जोधा गांव का रहने वाला है।
पुलिस की विशेष टीम ने तकनीकी जांच और लोकेशन ट्रैकिंग के माध्यम से आरोपी तक पहुंच बनाई और उसे दबोच लिया। पुलिस ने उसके पास से वह मोबाइल फोन भी जब्त किया है, जिसका इस्तेमाल इस ठगी को अंजाम देने में किया गया था।
साइबर अपराधी ने पीड़ित रेलवे कर्मचारी को डिजिटल अरेस्ट के नाम पर डरा-धमकाकर 3.9 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए लातेहार एसपी के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई की गई और आरोपी को राजस्थान से हिरासत में लिया गया।
पूछताछ के बाद सुरेंद्र खोजा को न्यायिक हिरासत में लेते हुए मंगलवार को जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब इस साइबर ठगी से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच में जुट गई है।












