Ranchi: रांची स्टेडियम में हुई भगदड़ की घटना को लेकर भाजपा ने जेएससीए और प्रशासन पर तीखा हमला बोला है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अजय साह ने इस पूरे घटनाक्रम के लिए जेएससीए प्रबंधन को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराते हुए जेएससीए अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव पर तत्काल FIR दर्ज करने और उन्हें पद से हटाने की मांग की है।
भीड़ प्रबंधन की कोई तैयारी नहीं थी, पूरी व्यवस्था हवा में थी: भाजपा
अजय साह ने कहा कि पिछले एक वर्ष में जेएससीए क्रिकेट से अधिक अपने विवादों के कारण चर्चा में रहा है। संगठन की कार्यप्रणाली और वित्तीय अनियमितताओं को लेकर नेता प्रतिपक्ष श्री बाबूलाल मरांडी भी पूर्व में मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर कई गंभीर आरोप लगा चुके हैं। दुर्भाग्यपूर्ण है कि उन शिकायतों पर भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने कहा कि जब पहले से यह स्पष्ट था कि मैच देखने के लिए हजारों की संख्या में लोग पहुंचेंगे, तब जेएससीए ने अतिरिक्त पुलिस बल, SDRF और अन्य आपदा प्रबंधन एजेंसियों की मदद पहले से क्यों नहीं मांगी? स्टेडियम परिसर में पर्याप्त मेडिकल टीम और एम्बुलेंस की व्यवस्था क्यों नहीं थी? हजारों लोगों को लंबे समय तक एक ही स्थान पर रोककर क्यों रखा गया? भीड़ प्रबंधन की जिम्मेदारी किसके पास थी? क्या कोई प्रशिक्षित क्राउड मैनेजमेंट टीम बनाई भी गई थी या पूरी व्यवस्था हवा में थी?
घायल जनता पर लाठीचार्ज, अध्यक्ष पर वीआईपी आवभगत का आरोप
अजय साह ने आरोप लगाया कि बिना किसी मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) और पर्याप्त तैयारी के भीड़ को नियंत्रित करने की जिम्मेदारी कुछ बाउंसरों और सीमित पुलिस बल पर छोड़ दी गई। हालात बिगड़ने के बाद लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के बजाय घायल और डरे हुए लोगों पर लाठीचार्ज किया गया, जिससे स्थिति और भयावह हो गई।
उन्होंने जेएससीए अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव पर निशाना साधते हुए कहा कि घटना के समय उनकी प्राथमिकता आम दर्शकों की सुरक्षा नहीं, बल्कि वीआईपी मेहमानों की आवभगत दिखाई दी। आज जेएससीए क्रिकेट के बेहतर संचालन से अधिक वीआईपी संस्कृति, महंगी पार्टियों और अव्यवस्थाओं के लिए चर्चा में रहता है।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि घटना के 72 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद जेएससीए के जिम्मेदार पदाधिकारियों के खिलाफ FIR दर्ज नहीं होना कई गंभीर सवाल खड़े करता है। आखिर किसके दबाव में कार्रवाई रोकी जा रही है? अजय नाथ शाहदेव को मीडिया और जनता के सामने आकर जवाब देना चाहिए, न कि जिम्मेदारी से बचने का प्रयास करना चाहिए।
Read More- कोडरमा में जंगली हाथियों का कहर-खेत में टहलने गई महिला को पटककर मार डाला
दोषियों पर FIR और 10-10 लाख रुपये मुआवजे की मांग
भाजपा ने जेएससीए अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव सहित इस पूरे आयोजन के लिए जिम्मेदार सभी पदाधिकारियों पर तत्काल FIR दर्ज करने, उन्हें उनके पदों से हटाने तथा निष्पक्ष जांच पूरी होने तक प्रशासनिक कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है। इसके साथ ही भाजपा ने भगदड़ में घायल सभी लोगों को 10-10 लाख रुपये का मुआवजा देने तथा उनके समुचित इलाज की पूरी जिम्मेदारी राज्य सरकार और जेएससीए द्वारा उठाने की मांग की है।
Read More- पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन की तबियत अचानक बिगड़ी, TMH में भर्ती
अजय साह ने कहा कि जिस प्रकार बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम हादसे में न्यायिक जांच कराई गई थी, उसी तर्ज पर रांची स्टेडियम भगदड़ मामले में भी सीटिंग जज की अध्यक्षता में न्यायिक जांच कराई जाए ताकि दोषियों की जवाबदेही तय हो सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। प्रेसवार्ता में मीडिया सह प्रभारी तारिक इमरान तथा सूरज शाहदेव मौजूद रहे।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









