Ranchi:झारखंड में कथित ट्रेजरी घोटाले को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव के आरोपों के बाद अब कांग्रेस ने पलटवार किया है। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश उपाध्यक्ष सह मीडिया चेयरमैन सतीश पॉल मुंजनी ने भाजपा के बयान को तथ्यों से परे और राजनीतिक हताशा का परिणाम बताया है।
मुंजनी कहा कि भाजपा नेता बार-बार लगभग ₹10,000 करोड़ के ट्रेजरी घोटाले का हवाला देकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। वास्तविकता यह है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार ने वित्तीय अनियमितताओं को छिपाने के बजाय स्वयं मामले का संज्ञान लिया, जांच के आदेश दिए, एसआईटी गठित की, सीआईडी जांच कराई तथा भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (सीएजी/पीएजी) से विशेष ऑडिट कराने की अनुशंसा की। यदि सरकार किसी को बचाना चाहती तो न जांच होती, न विशेष ऑडिट की पहल की जाती।
ट्रेजरी मामले में आरोपियों पर कठोर कार्रवाई होनी चाहिए
उन्होंने कहा कि भाजपा चारा घोटाले का उदाहरण दे रही है, जबकि देश जानता है कि चारा घोटाले की जड़ें अविभाजित बिहार के उस प्रशासनिक ढांचे में थीं, जिसके संरक्षण में वर्षों तक वित्तीय अनियमितताएं चलती रहीं। न्यायालयों ने जिस मामले में दोष तय किया, उसमें कानून ने अपना काम किया। कांग्रेस का स्पष्ट मत है कि वर्तमान ट्रेजरी मामले में भी जो भी दोषी होगा, चाहे वह अधिकारी हो या कोई अन्य, उसके विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। लेकिन जांच पूरी होने से पहले राजनीतिक फैसला सुनाना भाजपा की पुरानी आदत है।
मुंजनी ने कहा कि भाजपा यह भी स्पष्ट करे कि पिछले वर्षों में देशभर में सामने आए हजारों करोड़ रुपये के बैंक घोटालों, आर्थिक अपराधों और सार्वजनिक धन की लूट के मामलों में कितने बड़े लोगों को जवाबदेह ठहराया गया। झारखंड में पारदर्शिता से चल रही जांच पर सवाल उठाने वाली भाजपा पहले अपने दामन पर लगे दागों का जवाब दे।
Read More- कोडरमा-गया रेलखंड पर बड़ा हादसा-रेलवे गैंगमैन की दर्दनाक मौत
मीडिया के माध्यम से जांच को प्रभावित करने की कोशिश
उन्होंने कहा कि प्रतुल शाहदेव द्वारा वित्त नियमावली और कोषागार संहिता का हवाला देकर जांच एजेंसियों पर दबाव बनाने का प्रयास किया जा रहा है। किसी भी अधिकारी की जिम्मेदारी और दोष का निर्धारण न्यायिक प्रक्रिया, साक्ष्यों और जांच के आधार पर होता है, न कि भाजपा के प्रेस बयान से। यदि किसी जांच में किसी स्तर पर कमी है तो उसके लिए विधिक प्रक्रिया उपलब्ध है, लेकिन मीडिया के माध्यम से जांच को प्रभावित करने की कोशिश लोकतांत्रिक संस्थाओं का अपमान है।
Read More- पिता बना जल्लाद! इकलौते बेटे की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस
उन्होंने ने कहा कि भाजपा को झारखंड की जनता अच्छी तरह पहचान चुकी है। जब राज्य में निवेश आ रहा है, युवाओं को रोजगार मिल रहा है, आधारभूत संरचना मजबूत हो रही है और जनकल्याणकारी योजनाएं प्रभावी ढंग से लागू हो रही हैं, तब भाजपा मुद्दाविहीन होकर झूठे आरोपों की राजनीति कर रही है।
Read More- कोडरमा सदर अस्पताल में स्वास्थ्य व्यवस्था चरमराई, शव उठाने को नहीं मिले कर्मचारी
उन्होंने दो टूक कहा कि कांग्रेस पार्टी और झारखंड सरकार भ्रष्टाचार के किसी भी मामले में जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। दोषी चाहे कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, उसे कानून के अनुसार सजा मिलेगी। लेकिन भाजपा की तरह झूठ, आधे-अधूरे तथ्यों और राजनीतिक प्रोपेगेंडा के आधार पर जनता को भ्रमित करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.