Breaking News: दिल्ली में विरोध-प्रदर्शन के लिए जंतर-मंतर की जगह अब तीन वैकल्पिक स्थलों को निर्धारित किया गया है। केंद्र सरकार ने प्रदर्शन स्थलों की सूची से जंतर-मंतर को हटाने का फैसला किया है। गृह मंत्रालय की ओर से गठित कमेटी की सिफारिशों के आधार पर रामलीला मैदान, बुराड़ी ग्राउंड और पूर्वी दिल्ली के सीबीडी (CBD) ग्राउंड को प्रदर्शन स्थल के रूप में तय किया गया है।
इस बीच, कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) को सोमवार को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति नहीं मिली। पार्टी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) पर रोक लगाने की मांग को लेकर प्रदर्शन की अनुमति मांगी थी। दिल्ली पुलिस ने इसकी इजाजत देने से इनकार कर दिया।

इससे पहले CJP ने 20 जून से 25 जुलाई तक नीट पेपर लीक के मुद्दे पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था। 36 दिन तक चले इस आंदोलन में एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक भी भूख हड़ताल पर बैठे थे। 25 जुलाई को प्रदर्शन समाप्त हो गया था।
Breaking News: SOP जारी होने का इंतजार
गृह मंत्रालय की कमेटी ने धरना-प्रदर्शन के लिए वैकल्पिक स्थानों की पहचान की थी। अब रामलीला मैदान, बुराड़ी ग्राउंड और CBD ग्राउंड में प्रदर्शन आयोजित करने की प्रक्रिया और नियमों को लेकर संशोधित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) जारी की जाएगी। फिलहाल इसके विस्तृत दिशा-निर्देश सामने नहीं आए हैं।
Breaking News: 1993 से जंतर-मंतर बना था विरोध का केंद्र
जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की परंपरा 1993 में बोट क्लब पर विरोध-प्रदर्शनों पर रोक लगने के बाद शुरू हुई थी। वर्ष 1988 में किसान नेता महेंद्र सिंह टिकैत के नेतृत्व में हुए बड़े किसान आंदोलन के बाद बोट क्लब पर भीड़ जुटाने को लेकर सख्ती बढ़ी थी।
2017 में राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) ने आसपास के लोगों की शोर और गंदगी संबंधी शिकायतों के बाद जंतर-मंतर पर प्रदर्शनों पर रोक लगाने का आदेश दिया था। 2018 में सुप्रीम कोर्ट ने पूर्ण प्रतिबंध के बजाय प्रदर्शन के लिए नियम बनाने की बात कही थी। इसके बाद यहां निर्धारित शर्तों के तहत प्रदर्शन जारी रहे।
अब नए फैसले से दिल्ली में विरोध-प्रदर्शन की व्यवस्था में बदलाव होगा। हालांकि, जंतर-मंतर पर प्रदर्शन को लेकर लागू होने वाले आदेश और नए स्थलों की SOP का विस्तृत विवरण सामने आना बाकी है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









