Breaking News: रांची में एक बड़ी आपराधिक घटना होने से पहले ही पुलिस ने उसे नाकाम कर दिया। सुखदेवनगर थाना क्षेत्र में हत्या की साजिश रच रहे चार अपराधियों को पुलिस ने हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से USA मेड 9MM ऑटोमेटिक पिस्टल, जिंदा गोलियां और अन्य सामान बरामद किए गए हैं।
पुलिस को देख भागने लगे चारों अपराधी
जानकारी देते हुए कोतवाली ASP ने बताया कि रात करीब 8:05 बजे रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के गंगानगर करम चौक के पास कुछ अपराधी हथियार और गोली के साथ किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने पहुंचे हैं। सूचना मिलते ही सिटी एसपी के निर्देश पर सुखदेवनगर थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर इलाके में छापेमारी शुरू की गई।
मौके से दो जिंदा गोलियां और स्मार्टफोन भी बरामद
पुलिस टीम जैसे ही करम चौक पहुंची, वहां मौजूद चार युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। हालांकि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए चारों को खदेड़कर पकड़ लिया। पूछताछ और तलाशी के दौरान उनके पास से एक USA निर्मित 9MM ऑटोमेटिक पिस्टल, मैगजीन में भरी दो जिंदा गोलियां और स्मार्टफोन बरामद हुआ। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान सहदेव तिग्गा, अंकित खलखो, रवि लकड़ा और संदीप कुमार उर्फ बब्लू के रूप में हुई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, सभी आरोपी किसी रसूखदार व्यक्ति के हत्या की योजना बनाकर मौके पर पहुंचे थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने पूरी साजिश को विफल कर दिया।
Breaking News: अपराधियों से पुछताछ जारी
इस मामले में सुखदेवनगर थाना कांड संख्या 179/26 के तहत आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इनके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हैं और हत्या की साजिश किसके इशारे पर रची गई थी।








