Koderma: कोडरमा जिले में चाकूबाजी की घटना सामने आई है जहां एक भाई ने अपने ही छोटे भाई पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। घटना में युवक बुरी तरह से घायल हो गया है जिसके बाद उसे कोडरमा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पूरी घटना सतगावां थाना क्षेत्र के पिरवैया जंगल के पास की बताई जा रही है।
घायल युवक की पहचान समेडीह निवासी दीपक कुमार के रूप में हुई है। फिलहाल युवक की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। वहीं घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार बताया जा रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
बंटवारे के बाद भी लालच नहीं हुई कम
मिली जानकारी के मुताबिक पूरा विवाद चंद्रिका प्रसाद यादव की पैतृक संपत्ति से जुड़ा है। परिजनों के मुताबिक, पिता ने जीते-जी अपनी जमीन दोनों बेटों के बीच बराबर-बराबर बांट दी थी। दीपक ने अपने हिस्से की जमीन पर मेहनत से अलग घर भी बना लिया था। इसके बावजूद बड़े भाई पवन दीपक के नए घर पर भी अपना हक जता रहा था।
वारदात के ठीक कुछ घंटे पहले शनिवार को ही इस विवाद को सुलझाने के लिए सतगावां थाना में दोनों पक्षों की बैठक हुई थी। पुलिस की मौजूदगी में समझौता भी हो गया था, लेकिन पवन के दिमाग में कुछ और ही साजिश चल रही थी। वह इस समझौते से संतुष्ट नहीं था और भीतर ही भीतर बदले की आग में जल रहा था।
पहले से घात लगाकर बैठे थे आरोपी
इसी बीच शनिवार देर रात जब दीपक कुमार बासोडीह बाजार से अपना काम निपटाकर मोटरसाइकिल से समेडीह लौट रहा था, तभी पिरवैया जंगल के सुनसान रास्ते पर पहले से घात लगाए बैठे पवन कुमार और उसके कुछ गुर्गों ने उसे घेर लिया। इससे पहले कि दीपक कुछ समझ पाता, पवन ने चाकू निकालकर ताबड़तोड़ वार कर दिया। घटना के बाद हमलावर उसे मरा हुआ समझकर फरार हो गए। इसी बीच दीपक ने किसी तरह हिम्मत जुटाकर अपने ससुर को फोन कर घटना की जानकारी दी।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही सतगावां थाना प्रभारी बबलू सिंह तुरंत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दीपक को अपनी गाड़ी से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहाँ से प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए कोडरमा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना के बाद पुलिस फिलहाल मुख्य आरोपी पवन समेत उऩके साथियों की तलाश में जुट गई है। सभी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









