JSSC Latest Recruitment: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) द्वारा आयोजित उत्पाद सिपाही प्रतियोगिता परीक्षा-2023 की भर्ती प्रक्रिया अब अगले महत्वपूर्ण चरण में पहुंच गई है। आयोग ने मेधा सूची में शामिल 1941 अभ्यर्थियों के लिए मेडिकल टेस्ट की तिथि घोषित कर दी है। चिकित्सीय जांच 1 जुलाई से 14 जुलाई 2026 तक रांची के सदर अस्पताल स्थित आठवें तल्ले के ऑडिटोरियम में आयोजित होगी। मेडिकल टेस्ट के बाद दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा और इसके आधार पर अंतिम परिणाम जारी किया जाएगा।
ये भी पढ़ें: Ranchi में जगन्नाथ रथयात्रा की तैयारियां तेज, 29 जून को स्नान यात्रा, 16 जुलाई को निकलेगी भव्य रथयात्रा
1 जुलाई से शुरू होगा मेडिकल परीक्षण
आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार 1 जुलाई को 150 अभ्यर्थियों का मेडिकल परीक्षण किया जाएगा। इसके बाद निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रतिदिन अन्य उम्मीदवारों की चिकित्सीय जांच होगी। मेडिकल टेस्ट के लिए लिखित परीक्षा की मेरिट सूची के आधार पर आरक्षण श्रेणीवार रिक्तियों के तीन गुना यानी कुल 1941 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है।
जेएसएससी ने स्पष्ट किया है कि मेडिकल जांच झारखंड राज्य पुलिस नियुक्ति नियमावली, 2014 और समय-समय पर किए गए संशोधनों के अनुसार होगी। चिकित्सीय परीक्षण अधिसूचित चयन पर्षद की निगरानी में कराया जाएगा। जांच पूरी होने के बाद योग्य और अयोग्य अभ्यर्थियों की सूची आयोग को सौंपी जाएगी।
मेडिकल के बाद होगा दस्तावेज सत्यापन
मेडिकल टेस्ट में सफल अभ्यर्थियों के शैक्षणिक एवं अन्य प्रमाण-पत्रों का सत्यापन किया जाएगा। दस्तावेज सत्यापन पूरा होने के बाद आयोग अंतिम चयन परिणाम जारी करेगा। यदि किसी कारणवश पद रिक्त रह जाते हैं तो मेरिट सूची में अगले अभ्यर्थियों को मेडिकल टेस्ट के लिए बुलाया जाएगा।
इसके साथ ही जो उम्मीदवार निर्धारित तिथि पर मेडिकल जांच में शामिल नहीं हो पाएंगे, उन्हें 17 और 18 जुलाई 2026 को अंतिम अवसर दिया जाएगा। आयोग ने स्पष्ट किया है कि इसके बाद मेडिकल टेस्ट के लिए कोई अतिरिक्त मौका नहीं मिलेगा। इसलिए सभी अभ्यर्थियों को निर्धारित समय पर उपस्थित रहने की सलाह दी गई है।
मेडिकल में अयोग्य होने पर अपील का अवसर
यदि कोई अभ्यर्थी मेडिकल जांच में अयोग्य घोषित होता है, तो वह अपील कर सकता है। इसके लिए 20 और 21 जुलाई 2026 को पूर्वाह्न 11 बजे से रिम्स, रांची स्थित चिकित्सीय अधीक्षक कार्यालय के सम्मेलन कक्ष में एपेक्स मेडिकल बोर्ड द्वारा पुनः जांच की जाएगी। आयोग के अनुसार एपेक्स मेडिकल बोर्ड का निर्णय अंतिम और मान्य होगा।
JSSC Latest Recruitment: 583 पदों पर होगी भर्ती
उत्पाद सिपाही प्रतियोगिता परीक्षा-2023 का आयोजन 12 अप्रैल 2026 को रांची, रामगढ़, खूंटी, बोकारो, धनबाद, पूर्वी सिंहभूम, देवघर और दुमका समेत आठ जिलों में किया गया था। इस भर्ती अभियान के माध्यम से उत्पाद सिपाही के 583 रिक्त पदों पर नियुक्ति की जाएगी। लंबे समय से भर्ती प्रक्रिया का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए मेडिकल टेस्ट की घोषणा अहम चरण मानी जा रही है। अब उम्मीदवारों की नजर मेडिकल परीक्षण, दस्तावेज सत्यापन और अंतिम चयन सूची पर टिकी है।
ये भी पढ़ें: जंतर-मंतर पर सोनम वांगचुक की आज से भूख हड़ताल, AISA और 650 किसान संगठनों का समर्थन
कंटेंट राइटर एवं रिपोर्टर, खबर मन्त्र। झारखंड के स्थानीय समाचार, महिला विकास, कला और लाइफस्टाइल खबरों की विशेष रिपोर्टिंग।








