Ranchi: रांची में हरमू नदी को अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए नगर निगम ने बुधवार से विशेष अभियान शुरू कर दिया। निगम की इंफोर्समेंट टीम ने हरमू-विद्यानगर मार्ग और नदी के तटीय इलाकों में बनाए गए अवैध निर्माणों को हटाया। सड़क और फुटपाथ पर कब्जा जमाए अस्थायी दुकानों, शेड और बांस-बल्ली से बने 50 से अधिक ढांचों को मौके पर ध्वस्त कर दिया गया।
इससे पहले उप प्रशासक गौतम प्रसाद साहू की अध्यक्षता में इंफोर्समेंट शाखा की समीक्षा बैठक हुई, जिसमें शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए सख्त निर्देश जारी किए गए। बैठक में यह तय किया गया कि शहर के सभी जोन में लगातार अभियान चलाकर मुख्य मार्गों, फुटपाथों, जलस्रोतों और सार्वजनिक स्थानों को कब्जामुक्त कराया जाएगा।
अवैध निर्माण और गंदगी फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई
अभियान के दौरान अधिकारियों ने साफ कहा कि जलस्रोतों, नदियों और सार्वजनिक मार्गों पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बिना वैध नक्शा स्वीकृति के बनाए गए निर्माणों पर नियम के अनुरूप दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
निगम ने यह भी चेतावनी दी कि मुख्य सड़कों पर गंदगी फैलाने, अवैध वेंडिंग करने और सार्वजनिक स्थानों पर सीएंडडी वेस्ट फेंकने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ऑटो-स्टैंड और वाहन पड़ाव में अवैध वसूली पर निगरानी
समीक्षा बैठक के दौरान उप प्रशासक ने इंफोर्समेंट टीम को वाहन पड़ाव और ऑटो स्टैंडों पर होने वाली अवैध वसूली पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया।
अभियान के दौरान सहायक प्रशासक चंद्रदीप कुमार, सूरज प्रसाद सिंह चौधरी, नगर प्रबंधक सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








