बर्नपुर: पश्चिम बंगाल के बर्नपुर के रामबांध इलाके में बंद पड़े एक मकान से एंबुलेंस चालक का सड़ी-गली अवस्था में शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान स्थानीय स्तर पर ‘टुकाई’ के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह करीब सात दिनों से लापता थे।
सोमवार सुबह मकान से तेज दुर्गंध आने के बाद आसपास के लोगों को शक हुआ। इसके बाद परिचितों ने घर के अंदर जाकर देखा तो कमरे में टुकाई का शव पड़ा मिला। कई दिनों तक बंद कमरे में रहने के कारण शव काफी खराब अवस्था में था।
26-27 अक्टूबर से नहीं हो रहा था संपर्क
मृतक के सहकर्मी साजिद के अनुसार, टुकाई उनके साथ एंबुलेंस चलाने का काम करते थे। वह 26 या 27 अक्टूबर को आखिरी बार एंबुलेंस मालिक के पास गए थे। बताया गया कि उन्होंने खाने के लिए 200 रुपये लिए थे और एक दोस्त की मां के निधन का हवाला देते हुए दो दिन की छुट्टी मांगी थी।
इसके बाद उन्होंने एंबुलेंस चलाने में असमर्थता जताई थी। उसी समय के बाद से उनका मोबाइल फोन बंद बताया जा रहा था और उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा था।
सात दिनों तक घर में पड़ा रहा शव, उठे सवाल
घटना के बाद कई सवाल सामने आ रहे हैं। परिवार में मां और बड़े भाई के होने की जानकारी सामने आई है, लेकिन घटना के समय टुकाई घर में अकेले क्यों थे और इतने दिनों तक उनके घर से संपर्क क्यों नहीं हो पाया, इसकी स्पष्ट जानकारी फिलहाल नहीं मिली है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगा मौत का कारण
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि टुकाई की मौत बीमारी या किसी अन्य कारण से हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








