Jharkhand News: झारखंड में अब मॉनसून ने अलविदा कह दिया है और इसके साथ ही प्रदेश में गुलाबी ठंड ने धीरे-धीरे कदम रखना शुरू कर दिया है। राज्य के कई हिस्सों में सुबह और शाम के समय हल्की ठंडी हवाएं चल रही हैं, जिससे तापमान में गिरावट का एहसास होने लगा है।
मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के निदेशक अभिषेक आनंद ने बताया कि अगले कुछ दिनों में तापमान में और गिरावट आने की संभावना है। उन्होंने कहा कि इस बार ठंड का असर पिछले सालों की तुलना में अधिक महसूस किया जा सकता है। यानी इस वर्ष कड़ाके की ठंड पड़ने की पूरी आशंका है।
तापमान में गिरावट, बारिश की कोई संभावना नहीं
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में अगले एक सप्ताह तक मौसम शुष्क और सामान्य रूप से साफ रहेगा। कहीं भी भारी वर्षा या तेज हवाओं की संभावना नहीं है। लोग सुबह-शाम हल्के गर्म कपड़े पहनना शुरू कर सकते हैं, क्योंकि तापमान धीरे-धीरे नीचे की ओर जा रहा है।
फसलों पर असर डाल सकता है बदलता मौसम
कम बारिश का सीधा असर प्रदेश की कृषि व्यवस्था पर भी देखा जा सकता है। विशेष रूप से धान की देर से बुवाई वाले क्षेत्रों और रबी फसलों पर मौसम का असर पड़ेगा। विशेषज्ञों का कहना है कि यदि अक्टूबर के मध्य तक कोई बड़ा सिस्टम सक्रिय नहीं हुआ, तो नवंबर से ठंड तेज़ी से बढ़ेगी और फसलों की वृद्धि पर प्रभाव पड़ सकता है।








