Ranchi: झारखंड टी20 क्रिकेट लीग 2026 के 23वें मुकाबले में छोटानागपुर रॉयल्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जमशेदपुर स्टीलर्स को 85 रन से करारी शिकस्त दी। टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी जमशेदपुर की टीम को रॉयल्स के बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही दबाव में रखा।
पहले बल्लेबाजी करते हुए छोटानागपुर रॉयल्स ने 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 211 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। टीम के कप्तान विराट सिंह ने जिम्मेदार और आक्रामक बल्लेबाजी का शानदार मिश्रण दिखाते हुए नाबाद 106 रन बनाए। उनके अलावा नाजिम सिद्दीकी ने 54 रन की महत्वपूर्ण पारी खेलकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। जमशेदपुर स्टीलर्स की ओर से चार अलग-अलग गेंदबाजों ने एक-एक विकेट हासिल किया।
126 रन पर सिमटी जमशेदपुर स्टीलर्स
212 रन के कठिन लक्ष्य का पीछा करने उतरी जमशेदपुर स्टीलर्स की टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही और 19.1 ओवर में 126 रन पर सिमट गई। हर्ष राणा ने सर्वाधिक 46 रन बनाए, लेकिन उन्हें दूसरे बल्लेबाजों का साथ नहीं मिला।
रॉयल्स के लिए राहुल रजक ने 3 विकेट झटके, जबकि दीपांशु और दुर्गेश ने 2-2 विकेट लेकर जीत में अहम भूमिका निभाई। विराट सिंह को उनके शानदार शतक के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।










