Jharkhand News: झारखंड के चतरा जिले ने एक बार फिर पूरे देश में अपनी विकास यात्रा की मजबूत छाप छोड़ी है. नीति आयोग द्वारा मार्च 2025 की डेल्टा रैंकिंग में चतरा ने देश के 112 आकांक्षी जिलों में प्रथम स्थान हासिल किया है. इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए जिले को 10 करोड़ रुपये का पुरस्कार मिलेगा, जो विकास कार्यों में और गति लाने के लिए दिया जाएगा.
स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण और बुनियादी ढांचे में बेहतरीन प्रदर्शन
यह रैंकिंग नीति आयोग की ऑनलाइन समीक्षा बैठक में साझा की गई, जहां बताया गया कि चतरा ने स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा, कृषि, वित्तीय समावेशन और बुनियादी ढांचे जैसे अहम क्षेत्रों में अभूतपूर्व प्रगति की है. इन क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन का श्रेय जिला प्रशासन के नवाचार, संवेदनशील योजनाओं और प्रभावी क्रियान्वयन को जाता है.
read more- शिक्षा के क्षेत्र में राजनीतिक सेंधमारी स्वीकार नहीं- देखिए कुलपति की व्यथा…!
10 करोड़ की प्रोत्साहन राशि से मिलेगी विकास को और रफ्तार
नीति आयोग के आकांक्षी जिला कार्यक्रम के तहत शीर्ष स्थान प्राप्त जिलों को प्रोत्साहन राशि दी जाती है, ताकि वे अपनी योजनाओं को और बेहतर ढंग से लागू कर सकें. चतरा को मिली ₹10 करोड़ की पुरस्कार राशि से जिले में स्थानीय विकास परियोजनाओं को नया आयाम मिलेगा.
उपायुक्त कीर्तिश्री ने दी बधाई
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर जिला उपायुक्त कीर्तिश्री ने जिले की प्रशासनिक टीम, विभागीय अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और समस्त जनता को बधाई दी. उन्होंने कहा कि “यह उपलब्धि चतरा जिले के लिए गर्व की बात है. यह हम सबके टीम वर्क और निरंतर प्रयास का परिणाम है. हम आगे भी इसी प्रतिबद्धता के साथ काम करते रहेंगे.”
read more- Rath Yatra 2025: रथ खींचते ही चल पड़ा लाचार शरीर— पुरी रथयात्रा में हुआ सच्चा चमत्कार
आकांक्षी जिला कार्यक्रम क्या है?
नीति आयोग का आकांक्षी जिला कार्यक्रम देश के पिछड़े जिलों में तेजी से सुधार लाने के उद्देश्य से शुरू किया गया था. इसका फोकस पाँच प्रमुख क्षेत्रों — स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, वित्तीय समावेशन और बुनियादी ढांचे — पर है. चतरा की यह सफलता सरकारी योजनाओं के ज़मीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन और जन-सहभागिता का स्पष्ट प्रमाण है.












