Ranchi News: झारखंड में दो साल के अंतराल के बाद एक बार फिर से मुख्यमंत्री ट्रैक्टर वितरण योजना की जोरदार शुरुआत हुई. कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने रांची के खेलगांव स्थित हरिवंश टाना भगत इंडोर स्टेडियम में आयोजित भव्य कार्यक्रम के दौरान 4 करोड़ रुपये के कृषि यंत्रों का वितरण किया.
इस योजना के तहत बड़े ट्रैक्टर, मिनी ट्रैक्टर, सोलर पंप सेट, नॉर्मल पंप सेट और अन्य आधुनिक कृषि उपकरण लाभुक किसानों को वितरित किए गए.
महिलाओं की उल्लेखनीय भागीदारी, ट्रैक्टर संचालन का मिला प्रशिक्षण
इस बार योजना में महिलाओं की भागीदारी ने सबका ध्यान खींचा. महिला समूहों को ट्रैक्टर चलाने का प्रशिक्षण भी विभाग की ओर से दिया गया है, जो राज्य में महिला सशक्तिकरण और तकनीकी दक्षता की दिशा में एक बड़ी पहल मानी जा रही है.
मंत्री ने किसानों को बिचौलियों से सतर्क रहने की दी सलाह
अपने संबोधन में मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि, यह योजना राज्य के किसानों को सबल बनाने और मजदूर से व्यापारी बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी.
मंत्री ने बताया कि बड़े ट्रैक्टर पर 50% और मिनी ट्रैक्टर पर 80% सब्सिडी का प्रावधान किया गया है. किसानों को एस्क्रो अकाउंट में अंशदान जमा करना होगा.
उन्होंने किसानों को बिचौलियों और फर्जी कॉल्स से सावधान रहने की अपील की और कहा कि किसी के कहने पर कोई ऑनलाइन भुगतान न करें.
विभागीय योजनाओं से जुड़े अब तक 2100+ लाभुक
मंत्री ने बताया कि किसान समृद्धि योजना के तहत अब तक 2100 किसानों को लाभ दिया गया है और जल्द ही 8000 और किसानों को इस योजना से जोड़ा जाएगा. इससे खेती-बाड़ी और सिंचाई की सुविधा बेहतर हुई है.
मंच से वितरित हुए ट्रैक्टर और पंप सेट
कार्यक्रम के दौरान 32 लाभुकों को बड़े ट्रैक्टर, 2 को मिनी ट्रैक्टर, 2 को सोलर पंप सेट, 55 लाभुकों को नॉर्मल पंप सेट दिए गए.
कांके विधायक सुरेश बैठा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री के प्रयासों की सराहना की और कहा कि विभाग द्वारा दूध उत्पादन, मछली पालन, गाय-मुर्गी-बत्तख वितरण जैसे क्षेत्रों में भी उल्लेखनीय काम किया जा रहा है.
कार्यक्रम में शामिल हुए वरिष्ठ अधिकारी
इस अवसर पर भूमि संरक्षण निदेशक अशोक सम्राट, संयुक्त सचिव रविशंकर विद्यार्थी, निदेशक विकास कुमार, कार्यपालक निदेशक आर. पी. सिंह, और विभिन्न जिलों के भूमि संरक्षण पदाधिकारी मौजूद रहे.













