Ranchi: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की 14वीं प्रारंभिक परीक्षा (PT) में कथित धांधली और गड़बड़ी के मामले में अपराध अनुसंधान विभाग (CID) ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हजारीबाग निवासी दीपक राणा और ओमप्रकाश राणा के रूप में हुई है।
अनुचित साधनों और कथित सांठगांठ के जरिए लाभ लेने का आरोप
CID के मुताबिक, मामले की जांच के दौरान दोनों आरोपियों के खिलाफ ऐसे साक्ष्य मिले, जिनसे परीक्षा में अनुचित साधनों और कथित सांठगांठ के जरिए लाभ लेने की बात सामने आई। इसके बाद हजारीबाग में कार्रवाई कर दोनों को गिरफ्तार किया गया।
जांच एजेंसी के अनुसार, मामले में तकनीकी साक्ष्यों और दस्तावेजों की लगातार जांच की जा रही थी। इसी क्रम में मिले सुरागों के आधार पर दोनों आरोपियों तक पहुंच बनाई गई।
कथित फर्जीवाड़े के पूरे नेटवर्क की पड़ताल में जुटी CID
दोनों की गिरफ्तारी के बाद CID अब कथित फर्जीवाड़े के पूरे नेटवर्क की पड़ताल में जुटी है। जांच इस दिशा में भी आगे बढ़ रही है कि परीक्षा केंद्र के किसी कर्मचारी, बिचौलिए या किसी अन्य व्यक्ति की इसमें भूमिका थी या नहीं।
CID अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर मामले में जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी मिलने की संभावना है। फिलहाल जांच जारी है और आगे की कार्रवाई उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.










