धनबाद स्थित झारखंड के प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग कॉलेज बीआईटी सिंदरी में प्रथम और तृतीय वर्ष के छात्रों के बीच मामूली विवाद मारपीट में बदल गया. जिससे तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई. वहीं, स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कॉलेज प्रशासन ने प्रथम वर्ष के सभी छात्रों को छात्रावास खाली करने का निर्देश जारी कर दिया. मंगलवार दोपहर तक अधिकांश छात्र अपने घरों के लिए रवाना हो चुके थे.
टकराव की कारण
विवाद की शुरुआत सोमवार शाम एक प्रथम वर्ष के छात्र द्वारा किसी बाहरी व्यक्ति को परिसर में लाने और तृतीय वर्ष के छात्र से झगड़े के बाद हुई. आरोप है कि प्रथम वर्ष के छात्र ने तृतीय वर्ष के छात्र के साथ मारपीट की. इसके बाद रात लगभग 11 बजे कई गाड़ियों में सवार होकर तृतीय वर्ष के छात्रों का एक समूह हॉस्टल पहुंचा और वहां मौजूद प्रथम वर्ष के छात्रों से जमकर मारपीट की.
तीन छात्र घायल
इस झड़प में कम से कम तीन छात्र घायल हो गए. सूचना मिलते ही कॉलेज निदेशक डॉ. पंकज राय, करियर डेवलपमेंट सेंटर के चेयरमैन डॉ. घनश्याम, छात्रावास अधीक्षक डॉ. आर.के. वर्मा, डॉ. प्रशांत कुमार और सभी हॉस्टल वार्डन और वरिष्ठ शिक्षक मौके पर पहुंचे. साथ ही, स्थानीय पुलिस भी परिसर में पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया.
प्रबंधन की सख्ती और जांच शुरू
कॉलेज प्रबंधन ने घटना की जांच शुरू कर दी है. निदेशक डॉ. पंकज राय ने बताया कि दोषी पाए जाने वाले छात्रों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी. साथ ही पुलिस द्वारा भी अलग से जांच की जा रही है. परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि मारपीट में शामिल छात्रों की पहचान की जा सके.
डॉ. राय ने यह भी कहा कि चूंकि गर्मी की छुट्टियां निकट हैं, इसलिए छात्रों को छात्रावास खाली करने का निर्देश दिया गया है ताकि वे अपने जून-जुलाई की इंटर्नशिप पर ध्यान केंद्रित कर सकें.












