Jharkhand Weather News: झारखंड में इन दिनों हाड़कपाने वाली ठंड पड़ रही है। बीते गुरुवार को झारखंड के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। हालात ऐसे रहे कि झारखंड का पारा शिमला और जम्मू जैसे उत्तरी ठंडे शहरों से भी नीचे चला गया।
रांची के मैकलुस्कीगंज में न्यूनतम तापमान -1.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यहां, सुबह के समय घास और खुले स्थानों पर ओस की बूंदें बर्फ की तरह जमी नजर आईं, जिससे पूरे इलाके में कंपकंपी वाली ठंड ज्यादा महसूस की गई।
Jharkhand Weather: शीतलहर को लेकर यलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने भीषण ठंड और शीतलहर को देखते हुए यलो अलर्ट जारी की है। जिसके बाद रांची जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं। प्रशासन ने सभी सरकारी, गैर-सरकारी और निजी स्कूलों में सारी कक्षाएं 9 और 10 जनवरी तक स्थगित रखने का आदेश जारी किया है। हालांकि, जिन स्कूलों में पहले से प्री-बोर्ड परीक्षाएं निर्धारित हैं, वहां परीक्षा संचालन की अनुमति स्कूल पर निर्भर करता है।
चार जिलों में पारा 4 डिग्री से नीचे पहुंचा
बीते बृहस्पतिवार को राज्य के चार जिलों में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस से नीचे रिकार्ड किया गया। हजारीबाग में 2.9 डिग्री, खूंटी में 3.2, मेदिनीनगर में 3.4 और लोहरदगा में 3.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं रांची के कांके में न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया। वहीं, बर्फीली हवाओं के कारण राज्य में ठिठुरन बनी रही।
Read more- झारखंड हाई कोर्ट को मिला नया Chief Justice, जानिए कौन है जस्टिस महेश शरदचंद्र सोनक?
Jharkhand Weather: 12 जिलों में शीतलहर का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार और शनिवार को झारखंड के 12 जिलों में शीतलहर अलर्ट जारी किया गया है। इन 12 जिलों में रांची, गढ़वा, पलामू, लातेहार, हजारीबाग, चतरा, लोहरदगा, रामगढ़, बोकारो, गुमला, खूंटी और सिमडेगा शामिल हैं। विभाग ने बताया कि शनिवार तक ठंड से राहत मिलने की संभावना कम है। लेकिन, इसके बाद तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी का अनुमान हैं।












