Dhanbad: भाकपा माले के कार्यालय में शुक्रवार को बीसीकेयू (बिहार-झारखंड कोलियरी कामगार यूनियन) की नई कमेटी के गठन को लेकर एक महत्वपूर्ण सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन की शुरुआत शहीद बेदी पर पुष्प अर्पित कर एवं झंडोत्तोलन के साथ हुई। इसके बाद हाल ही में पहलगाम में हुए आतंकी हमले में मारे गए पर्यटकों की आत्मा की शांति के लिए एक मिनट का मौन रखा गया।
सम्मेलन में निरसा क्षेत्र की विभिन्न कोलियरी से बड़ी संख्या में मजदूर शामिल हुए। बीसीकेयू के महासचिव एवं निरसा विधायक अरुण चटर्जी ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि यह यूनियन का पांचवां सम्मेलन है। उन्होंने बताया कि बीसीकेयू वर्तमान में 16,500 से अधिक कर्मचारियों का प्रतिनिधित्व करता है और मजदूर हितों की रक्षा के लिए लगातार सक्रिय रहा है।
चटर्जी ने कहा कि यूनियन निजी खनन (प्राइवेट माइंस) का सख्त विरोध करती रही है और इसी मुद्दे को लेकर 20 मई से आम हड़ताल का ऐलान किया गया है। उन्होंने कहा, “हम पूरी ताकत के साथ इस हड़ताल को सफल बनाएंगे। यह मजदूरों के हक की लड़ाई है और इसमें किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।” सम्मेलन में मजदूरों ने भी एकजुट होकर अपने अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष तेज करने का संकल्प लिया।












