Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने केंद्र सरकार के रोजगार मेले को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि देश का युवा नौकरी की मांग कर रहा है, जबकि सरकार नियुक्ति पत्रों और आयोजनों के जरिए अपनी उपलब्धियां बता रही है।
नियुक्ति पत्र देना सरकार की जिम्मेदारी है
राकेश सिन्हा ने कहा कि कुछ हजार नियुक्ति पत्र बांटने से करोड़ों युवाओं के रोजगार से जुड़े सवाल खत्म नहीं हो सकते। उनके मुताबिक, नियुक्ति पत्र देना सरकार की जिम्मेदारी है। असली सवाल यह है कि सरकारी विभागों में कितने पद खाली हैं, कितनी भर्तियां लंबित हैं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को नियुक्ति के लिए कितना इंतजार करना पड़ रहा है।
भर्ती प्रक्रिया के विस्तृत आंकड़े सार्वजनिक करना चाहिए
उन्होंने कहा कि रोजगार मेले के मंच और भाषण बेरोजगारी से जुड़े जमीनी सवालों का जवाब नहीं हैं। सरकार को रोजगार सृजन, खाली पदों और भर्ती प्रक्रिया के विस्तृत आंकड़े सार्वजनिक करने चाहिए।
सिन्हा ने कहा कि युवा फोटो और प्रचार नहीं, अपने भविष्य के लिए नियमित रोजगार चाहता है। उन्होंने कहा कि रोजगार मेले का आयोजन अच्छी बात है, लेकिन इसे बेरोजगारी की समस्या का समाधान बताना उचित नहीं होगा।








