Ranchi: जातीय जनगणना में अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के लिए अलग कॉलम शामिल करने की मांग को लेकर बुधवार को झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के OBC विभाग ने रांची में राजभवन मार्च किया। मार्च का नेतृत्व प्रदेश OBC विभाग के अध्यक्ष निशांत जायसवाल ने किया। बापू वाटिका से शुरू हुए मार्च में कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं और विभिन्न जिलों से आए प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
कांग्रेस नेताओं के प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा
मार्च के दौरान कांग्रेस ने OBC की सामाजिक, आर्थिक, शैक्षणिक और राजनीतिक स्थिति से जुड़े आंकड़े जुटाने के लिए अलग श्रेणी की मांग उठाई। मार्च के बाद कांग्रेस नेताओं के प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि पार्टी के अनुसार जातीय जनगणना समाज के विभिन्न वर्गों की सामाजिक और आर्थिक स्थिति को समझने का माध्यम है। उनका कहना था कि OBC की जनसंख्या और सामाजिक-आर्थिक स्थिति से जुड़े स्पष्ट आंकड़े नीति निर्माण में उपयोगी होंगे। कांग्रेस पहले भी जनगणना में OBC के लिए अलग कॉलम और पहचान संबंधी व्यवस्था की मांग उठा चुकी है।
कांग्रेस ने अलग डिजिटल कोड की मांग रखी
ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने इसे सामाजिक न्याय और समान अवसर से जुड़ा विषय बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य और आर्थिक अवसरों से जुड़ी नीतियां तैयार करने में विश्वसनीय आंकड़ों की भूमिका महत्वपूर्ण है।
मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि OBC की स्पष्ट गणना से समाज से जुड़े आंकड़े सामने आएंगे। वहीं कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने जनगणना में OBC के लिए अलग कॉलम के साथ जातियों की पहचान के लिए वैज्ञानिक व्यवस्था की जरूरत बताई। कांग्रेस ने अलग डिजिटल कोड की मांग भी रखी है।
OBC की वास्तविक जनसंख्या के आंकड़े उपलब्ध कराने की मांग
प्रदेश OBC विभाग के प्रभारी योगेंद्र योगी ने कहा कि कांग्रेस इस मांग को लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से आगे बढ़ाएगी। पूर्व सांसद धीरज प्रसाद साहू और पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने भी OBC की वास्तविक जनसंख्या के आंकड़े उपलब्ध कराने की जरूरत बताई।
मार्च में विधायक रामचंद्र सिंह, पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता, बंधु तिर्की, पूर्व विधायक जेपी पटेल, जलेश्वर महतो समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









