रांची: भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) [माकपा] की Jharkhand राज्य कमिटी की दो दिवसीय बैठक मंगलवार से राजधानी रांची स्थित सफदर हाशमी सभागार में शुरू हो गई। बैठक में पार्टी के पोलित ब्यूरो सदस्य एवं झारखंड प्रभारी तपन सेन भी शामिल हो रहे हैं।
बैठक में राज्य कमिटी के सदस्यों के साथ-साथ सभी जिला कमिटियों के जिला सचिव भी भाग ले रहे हैं। इस दौरान राज्य सचिव प्रकाश विप्लव ने पार्टी की संगठनात्मक एवं राजनीतिक गतिविधियों पर विस्तृत कार्य रिपोर्ट प्रस्तुत की।
रिपोर्ट प्रस्तुत किए जाने के बाद पोलित ब्यूरो सदस्य तपन सेन ने 11 से 13 जुलाई के बीच नई दिल्ली में आयोजित माकपा की केंद्रीय कमिटी की बैठक में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों की जानकारी राज्य कमिटी के सदस्यों को दी। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी की आगामी रणनीति और राजनीतिक कार्यक्रमों पर भी चर्चा की।
बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ नेता सुरजीत सिन्हा ने की। यह बैठक बुधवार तक जारी रहेगी, जिसमें संगठन विस्तार, राजनीतिक गतिविधियों और आगामी आंदोलनों को लेकर विभिन्न प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
10 अगस्त के ‘जेल भरो आंदोलन‘ को समर्थन
बैठक के दौरान माकपा ने केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ मजदूरों और किसानों द्वारा 10 अगस्त को प्रस्तावित ‘जेल भरो आंदोलन‘ को अपना समर्थन देने की घोषणा की। पार्टी नेताओं ने कहा कि देशभर में श्रमिकों और किसानों से जुड़े मुद्दों को लेकर संयुक्त रूप से आंदोलन को मजबूत किया जाएगा।
बैठक में इन मुद्दों पर भी मंथन
बैठक में संगठन को मजबूत करने, जनसरोकार के मुद्दों पर संघर्ष तेज करने तथा आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी विस्तार से चर्चा की जा रही है। राज्य कमिटी की यह बैठक बुधवार को विभिन्न प्रस्तावों और आगे की रणनीति के साथ संपन्न होगी।








