Ranchi: करमा पर्व 2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) धनंजय और अनुमंडल पदाधिकारी सदर कुमार रजत ने बुधवार को प्रमुख सरना समितियों और उनके प्रतिनिधियों के साथ बैठक की।
समाहरणालय ब्लॉक-ए स्थित एडीएम (विधि-व्यवस्था) के कार्यालय में हुई बैठक में केंद्रीय सरना समिति, आदिवासी समन्वय समिति, केंद्रीय सरना संघर्ष समिति समेत विभिन्न सरना समितियों के पदाधिकारी और प्रतिनिधि शामिल हुए।
पूजा स्थलों और अखड़ों में बेहतर व्यवस्था को लेकर सुझाव रखेे
बैठक में करमा पर्व के दौरान पूजा स्थलों और अखड़ों में बेहतर व्यवस्था को लेकर प्रतिनिधियों ने कई सुझाव और मांगें रखीं। इनमें करमा पूजा स्थलों की साफ-सफाई, बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने और अखड़ों में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने की मांग प्रमुख रही।
प्रतिनिधियों ने पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के साथ शराबबंदी लागू करने का भी अनुरोध किया। इसके अलावा करमा करने वाले श्रद्धालुओं को साड़ी और धोती उपलब्ध कराने की मांग भी रखी गई।
तैयारियों में प्रशासन की ओर से सहयोग और समन्वय का भरोसा
अधिकारियों ने समितियों के प्रतिनिधियों की बात सुनी और तैयारियों में प्रशासन की ओर से सहयोग और समन्वय का भरोसा दिया। बैठक में करमा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सांस्कृतिक गरिमा के साथ संपन्न कराने के लिए प्रशासन और सरना समितियों के बीच बेहतर तालमेल पर जोर दिया गया।
करमा झारखंड के प्रमुख आदिवासी पर्वों में शामिल है। रांची और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में इसके आयोजन को लेकर अखड़ों और पूजा स्थलों पर विशेष गतिविधियां रहती हैं।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








