Ranchi: झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) में भोजपुरी, मगही और अंगिका भाषा को शामिल करने की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। प्रदेश राजद प्रवक्ता एवं अखिल भारतीय भोजपुरी मगही मैथिली अंगिका मंच के अध्यक्ष कैलाश यादव ने जेटेट परीक्षा के ऑनलाइन फॉर्म भरने की अंतिम तिथि आगे बढ़ाने की मांग की है।
बुधवार को जारी बयान में कैलाश यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भोजपुरी, मगही और अंगिका भाषा को जेटेट परीक्षा में शामिल करने के मुद्दे पर पांच मंत्रियों की विशेष कमेटी गठित की है। कमेटी को संबंधित विभागीय अधिकारियों से तथ्य और साक्ष्य जुटाकर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है।
उन्होंने कहा कि JTET परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 21 मई 2026 निर्धारित है, जबकि भाषा शामिल करने को लेकर कमेटी की अंतिम रिपोर्ट अभी सार्वजनिक नहीं हुई है। ऐसे में बड़ी संख्या में भोजपुरी, मगही और अंगिका भाषी अभ्यर्थियों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
कैलाश यादव ने सरकार से मांग करते हुए कहा कि जब तक विशेष कमेटी की अंतिम रिपोर्ट सामने नहीं आ जाती, तब तक JTET परीक्षा के ऑनलाइन फॉर्म भरने की अंतिम तिथि बढ़ाई जानी चाहिए। इससे सभी वर्गों और भाषाई समुदायों के बीच सामाजिक समन्वय और सम्मान बना रहेगा।
उन्होंने कहा कि भोजपुरी, मगही और अंगिका भाषाई अस्मिता से जुड़े अभ्यर्थियों को समान अवसर देना सरकार की जिम्मेदारी है और इस मामले में संवेदनशील फैसला लिया जाना चाहिए।








