Dhanbad: धनबाद के बैंकमोड़ थाना क्षेत्र स्थित केंद्रीय गुरुद्वारा के सामने बुधवार सुबह अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह बैंकमोड़ थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध चौधरी स्वीट्स दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। जिसके बाद देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया और इलाके में धुआं फैल गया।
Read More: Summer Health Tips: गर्मी की ये 3 आदतें चुपचाप शरीर को बना रही हैं खोखला, डॉक्टर ने इसे कहा ‘साइलेंट किलर’
दमकल विभाग ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक दुकान में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था। मिसी जानकारी के अनुसार, सुबह के करीब सात बजे दुकान से अचानक धुआं और आग की लपटें निकलने लगीं। जिसके बाद आसपास के लोगों ने तुरंत शोर मचाकर लोगों को सतर्क किया और दमकल विभाग को सूचना दी। आग की भयावहता को देखते हुए मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
Dhanbad: आग के कारणों पर मतभेद
दुकान संचालक बबलू ने बताया कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी है। उन्होंने कहा कि दुकान में रखा मिठाई बनाने का सामान, फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण समेत लगभग पांच लाख रुपये की संपत्ति जल गई।
वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि दुकान में तेल गर्म करने के दौरान गैस सिलेंडर लीक होने से आग लगी। लोगों ने आरोप लगाया कि दुकान के बाहर अवैध रूप से बड़े-बड़े चूल्हे लगाए जाते हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। स्थानीय लोगों ने बताया कि दुकान के ऊपर एक बुजुर्ग दंपति रहते हैं। यदि आग और फैलती तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद लोगों में नाराजगी देखी गई।
ये भी देखें: दिनभर की बड़ी खबरें फटाफट | SSC GD Exam | Rajya Sabha Election 2026 | RCB | IPL 2026

सुरक्षा जांच और अवैध चूल्हों पर कार्रवाई की मांग
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इलाके में सुरक्षा व्यवस्था की जांच करने और अवैध तरीके से लगाए गए चूल्हों पर कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल फायर ब्रिगेड और प्रशासन आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच में जुटे हुए हैं।








