Dhanbad: धनबाद पुलिस ने वर्षों से लंबित पड़े आपराधिक मामलों के निष्पादन में बड़ी सफलता हासिल की है। वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रभात कुमार के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान के तहत मई माह में जिले के विभिन्न थानों के 1250 लंबित कांडों की चार्जशीट अथवा अंतिम प्रतिवेदन न्यायालय में जमा कराया गया। इनमें कई ऐसे मामले शामिल हैं जो वर्षों से लंबित थे और कुछ मामलों की उम्र लगभग तीन दशक तक पहुंच चुकी थी।
पुलिस के अनुसार कई मामलों में अनुसंधान पूरा हो चुका था, लेकिन तकनीकी, प्रशासनिक और प्रक्रियागत कारणों से चार्जशीट या अंतिम प्रतिवेदन न्यायालय में प्रस्तुत नहीं हो सका था। इसके कारण संबंधित मामलों में ट्रायल शुरू नहीं हो पा रहा था और पीड़ितों को न्याय मिलने में लगातार देरी हो रही थी।
तीन दशक पुराने मामलों का भी अंतिम प्रतिवेदन न्यायालय में जमा
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी प्रभात कुमार ने लंबित मामलों की विशेष समीक्षा कर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर निपटाने का निर्देश दिया। इसके लिए अभियोजन शाखा प्रभारी मुकेश चौधरी, एसआई रजनीकांत सहित अन्य अधिकारियों की विशेष टीम गठित की गई। अभियान की निगरानी डीएसपी मुख्यालय-2 नाजिर अख्तर द्वारा की जा रही है।
विशेष टीम ने विभिन्न थानों की फाइलों की गहन जांच कर दस्तावेजों का सत्यापन, केस डायरी का संकलन तथा अन्य लंबित औपचारिकताओं को पूरा कराया। इसके बाद बड़ी संख्या में मामलों की रिपोर्ट न्यायालय में प्रस्तुत की गई।
अभियान की उल्लेखनीय उपलब्धि यह रही कि पुटकी थाना कांड संख्या 06/1998 और झरिया थाना कांड संख्या 86/1999 जैसे करीब तीन दशक पुराने मामलों का भी अंतिम प्रतिवेदन न्यायालय में जमा कराया गया। एसएसपी ने कहा कि इस पहल से लंबित मामलों की सुनवाई में तेजी आएगी और पीड़ितों को समयबद्ध न्याय दिलाने का मार्ग प्रशस्त होगा। उन्होंने बताया कि पुराने मामलों के निष्पादन के लिए यह विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा।









